Hanuman Ansh Box Office Collection Day 59: बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश ने सिनेमाघरों में तहलका मचा रखा है. 7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 59 दिन पूरे कर लिए हैं और अब भी दर्शकों के बीच छाई हुई है. बता दें पहले दो हफ्ते ये फिल्म बिल्कुल नहीं चली थी. वहीं तीसरे हफ्ते से इसने इतिहास रच दिया. आइए फिल्म के 59वें दिन की कमाई के बारे में जानते हैं.
'हनुमान अंश' के 59वें दिन की कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, 59वें दिन अब तक, 'हनुमान अंश' ने ₹3.02 करोड़ की नेट कमाई की है. इससे भारत में फिल्म का टोटल ग्रॉस कलेक्शन ₹383.53 करोड़ और टोटल नेट कलेक्शन ₹324.75 करोड़ हो गया है, जबकि भारत में फाइनल कलेक्शन की जानकारी अभी आनी बाकी है.
पहले दिन कमाए मात्र 10 लाख रुपये
7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई हनुमान अंश ने पहले दिन मात्र 10 लाख रुपये की कमाई के साथ ओपनिंग की थी. पहले दो हफ्तों तक इसकी कमाई रोजाना लाखों में रही. ऐसे में फिल्म के शो भी कम हो गए थे. लेकिन फिर तीसरे हफ्ते से इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ी और देखते-देखते ही चमत्कार हो गया. मात्र 2 करोड़ में बनी इस फिल्म ने पहले 100 करोड़, फिर 200 करोड़ और अब 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है.
बॉक्स ऑफिस पर 4 अक्टूबर संडे को फिल्म ने 59 दिन पूरे कर लिए. जल्द ही हनुमान अंश थिएटर्स में दो महीने पूरे करने वाली हैं. इस बीच कई और भी फिल्में रिलीज हुई हैं लेकिन हनुमान अंश ने अपनी जबरदस्त कमाई जारी रखी हुई है. हाल ही में 2 अक्टूबर को 'दृश्यम 3' भी रिलीज हुई है लेकिन इसकी कमाई पर कुछ खास असर नहीं पड़ा.
फिल्म के बारे में
बात करें फिल्म की तो 'हनुमान अंश' को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा, डायरेक्ट और प्रोड्यूस किया है. फिल्म की कहानी बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित है. इसमें शोभिनव सत्या और चंदन आनंद लीड रोल में हैं. इनके अलावा फिल्म में अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल और नेहा परांजपे भी शामिल हैं.