Hanuman Ansh Collection: सिनेमाघरों में एक तरफ जहां 'आवारापन 2' और 'बटवारा 1947' जैसी कई बड़ी बजट की फिल्में लगी हुई हैं, वहीं दूसरी ओर एक छोटे बजट की आध्यात्मिक फिल्म 'हनुमान अंश' (Hanuman Ansh) ने अपने तीसरे हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार वापसी करके सबको हैरान कर दिया है. 31 जुलाई को रिलीज हुई इस फिल्म को शुरुआती दिनों में बेहद कम स्क्रीन्स मिली थीं. हालांकि, दर्शकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स की बदौलत फिल्म की कमाई में भारी उछाल दर्ज किया गया है. आइए जानते हैं विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की कमाई और प्रॉफिट…

तीसरे हफ्ते में अचानक बढ़ा कलेक्शन

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार, 'हनुमान अंश' की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही थी. पहले हफ्ते में 200 स्क्रीन्स के साथ फिल्म ने सिर्फ 89 लाख कमाए थे, जबकि दूसरे हफ्ते में 40 स्क्रीन्स पर कमाई महज 46 लाख रुपये रही. लेकिन तीसरे हफ्ते में शानदार वापसी करते हुए 400 स्क्रीन्स पर फिल्म ने 3.20 करोड़ रुपये का बंपर कलेक्शन कर दिखाया.

---विज्ञापन---

वीकेंड पर हुई बंपर कमाई

तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई का ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा. शुक्रवार को जहां फिल्म ने 15 लाख रुपये बटोरे, वहीं शनिवार को यह आंकड़ा बढ़कर 87 लाख रुपये पहुंच गया. इसके बाद रविवार को फिल्म ने नया रिकॉर्ड बनाते हुए 2.18 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जिससे इसका कुल नेट कलेक्शन 4.55 करोड़ रुपये हो गया है.

152 प्रतिशत का शानदार प्रॉफिट

फिल्म की सफलता का सबसे हैरान करने वाला पहलू इसका बजट और मुनाफा है. आईएमडीबी (IMDb) की रिपोर्ट के मुताबिक, महज 1.8 करोड़ रुपये के छोटे बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 2.75 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमा लिया है. इस तरह फिल्म ने लागत पर लगभग 152.78% का जबरदस्त रिटर्न दिया है.

---विज्ञापन---

नीम करोली बाबा की जर्नी पर आधारित

विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित और लिखित फिल्म 'हनुमान अंश' की कहानी उत्तर प्रदेश के अकबरपुर गांव के रहने वाले लक्ष्मण नारायण शर्मा के जीवन पर आधारित है, जिन्हें दुनिया आगे चलकर 'नीम करोली बाबा' के नाम से जानने लगी. फिल्म में उनके शुरुआती जीवन और आध्यात्मिक सफर को बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है. खबर है कि यह तीन पार्ट वाली सीरीज की पहली फिल्म है.

बड़ी फिल्मों के बीच बनाई पहचान

थिएटर्स में 'आवारापन 2', 'बटवारा 1947', 'द ओडिसी' और 'स्पाइडर-मैन' जैसी विशाल बजट और स्टारकास्ट वाली फिल्मों के लगे होने के बावजूद 'हनुमान अंश' ने अपनी अलग पहचान बनाई है. फिल्म में शोभिनव सत्य, विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद और पूर्णिमा तिवारी जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं.

---विज्ञापन---