Faryal Gohar: पाकिस्तानी मनोरंजन जगत में इस समय वरिष्ठ अभिनेता जमाल शाह (Jamal Shah) और उनकी पूर्व पत्नी व अभिनेत्री फरयाल गोहर (Faryal Gohar) के बीच का विवाद लगातार गरमाता जा रहा है. अभिनेत्री फरयाल ने एक टीवी इंटरव्यू में अपने पूर्व पति जमाल शाह पर शादी के दौरान गंभीर रूप से शारीरिक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोप लगाए हैं. दूसरी ओर, जमाल शाह ने इन तमाम इल्जामों को सिरे से खारिज कर दिया है. आइए जानते हैं फरयाल गोहर के दावों और उसके बाद जमाल शाह द्वारा पेश की गई सफाई के बारे में…

फरयाल के सनसनीखेज आरोप

पाकिस्तानी टीवी शो 'गुड मॉर्निंग पाकिस्तान' (Good Morning Pakistan) में बातचीत के दौरान अभिनेत्री फरयाल गोहर ने अपनी आपबीती सुनाई. फरयाल ने बताया कि 23 साल की उम्र में उन्होंने लव मैरिज की थी, लेकिन शादी के बाद उन्हें लंबे समय तक हिंसा का शिकार होना पड़ा. उन्होंने कहा कि चमड़े की बेल्ट से पिटाई और शारीरिक चोटों के कारण उनकी किडनी में दर्द रहता था और उन्हें हिप सर्जरी तक करानी पड़ी.

---विज्ञापन---

मिसकैरिज और डॉक्टर की सलाह

फरयाल ने बेहद दुखद खुलासा करते हुए बताया कि लगातार मारपीट की वजह से उनका मिसकैरिज (Miscarriage) हो गया था और उन्होंने अपने जुड़वा बच्चों को खो दिया था. इसके बाद उनकी गायनेकोलॉजिस्ट ने शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देखकर उन्हें तुरंत इस हिंसक शादी को खत्म करने और अपनी जान बचाने की सलाह दी थी, जिसके बाद उन्होंने अलग होने का फैसला किया.

जमाल शाह ने दी सफाई

पूर्व पत्नी के इन गंभीर आरोपों के सामने आने के बाद अभिनेता जमाल शाह ने सोशल मीडिया और इंटरव्यूज के जरिए अपना पक्ष रखा. जमाल ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी किसी महिला पर हाथ नहीं उठाया है. उनका कहना था कि उनका और फरयाल का रिश्ता 1989 में बहुत ही सभ्य और गरिमापूर्ण तरीके से समाप्त हुआ था.

---विज्ञापन---

कुत्ते के काटने की वजह

बच्चों के नुकसान पर सफाई देते हुए जमाल ने कहा कि फरयाल का मिसकैरिज 1985 में किसी हिंसा की वजह से नहीं, बल्कि एक कुत्ते के काटने से हुए इन्फेक्शन के कारण हुआ था. उन्होंने यह भी जोड़ा कि 1986 में वे दोनों पढ़ाई के लिए लंदन गए थे और 1989 में उनके रास्ते अलग हो गए थे. जमाल ने कहा कि वे 2005 में दूसरी शादी करके अपनी नई जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं.

चैनल पर भड़के जमाल

जमाल शाह ने टीवी चैनल 'एआरवाई डिजिटल' (ARY Digital) पर टीआरपी (TRP) हासिल करने के लिए उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि इन झूठे आरोपों और अफवाहों का बुरा असर उनके बच्चों और परिवार पर पड़ रहा है, इसी वजह से उन्हें मजबूरन मीडिया के सामने आकर सच्चाई बयान करनी पड़ी है.

---विज्ञापन---