CJP Protest Delhi: 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले CJP प्रोटेस्ट को पहले ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रोक दिया. इसमें करीब 3000 प्रोटेस्टर्स को हिरासत में लिया गया है. इस मामले ने फिल्म इंडस्ट्री में भी बहस छेड़ दी है. एक्टर प्रकाश राज, फिल्ममेकर अनुराग कश्यप और सिंगर विशाल ददलानी समेत कई सितारों ने इस कार्रवाई पर रिएक्शन दिया है. बता दें CJP का ये प्रोटेस्ट मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुलाया गया था.
प्रकाश राज बोले- खेल शुरू हो चुका है!
साउथ और बॉलीवुड फिल्मों के मशहूर एक्टर प्रकाश राज ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने फ्लाइट से अभिजीत, सौरव और आशुतोष को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाए. एक्टर ने कहा, 'ये क्या हंगामा है? युवाओं को फ्लाइट और उनके घरों से हिरासत में लिया जा रहा है? उन्हें विरोध प्रदर्शन वाली जगह तक भी नहीं पहुंचने दिया जा रहा? आपने हमारी आवाज को गिरफ्तार नहीं किया है! आपने खुद को गिरफ्तार कर लिया है. ये देश आपको लोकतंत्र खत्म नहीं करने देगा. ये एक लंबी लड़ाई है और हम सवाल पूछते रहेंगे खेल शुरू हो चुका है! देश देख रहा है.'
अनुराग कश्यप ने सरकार पर साधा निशाना
फिल्ममेकर अनुराग कश्यप ने 10 अक्टूबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रदर्शनकारियों के समर्थन में पोस्ट किया. अनुराग ने एक पोस्ट में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को लाइव फॉलो करने की अपील भी की. वहीं एक पोस्ट में उन्होंने सरकार पर निशाना साधा. एक पोस्ट में अनुराग कश्यप ने लिखा, "बिना प्रेस कॉन्फ्रेंस किए, चिल्ला चिल्ला के कैसे स्वीकार करते हैं- हां हम चोर हैं, हमने चोरी की है, वोट की, नोट की, संविधान की, अधिकारी की. बिना बोले, सब बता देना एक ऐसी कला है जो सिर्फ प्रधान संत्री को आती है."
विशाल ददलानी क्या बोले?
वहीं सिंगर विशाल ददलानी (Vishal Dadlani) ने गुस्सा जताते हुए इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर और उन्होंने कहा, 'इस समय पूरी दुनिया देख रही है कि सिस्टम एक व्यक्ति को बचाने के लिए किस हद तक जा सकता है. वो अपने ही लोगों और देश में विरोध प्रदर्शन करने के उनके अधिकार के खिलाफ जा रहा है. कार्रवाई के लिए 23 बटालियन बुलाई गई हैं. ट्रेन और मेट्रो रद्द होने से पूरा शहर ठप पड़ा है. ये सब सिर्फ एक व्यक्ति को बचाने के लिए हो रहा है! इसलिए खुद सोचिए कि इस व्यक्ति ने सिस्टम के लिए ऐसा क्या किया होगा और उसे बचाने के लिए सिस्टम किस हद तक टूट चुका है.'
इन सितारों ने भी जताया विरोध
फिल्ममेकर शिरीष कुंदर (Shirish Kunder) ने X पर लिखा, 'अगर आपको अपने ही लोगों से खुद को बचाने के लिए ताकत का इस्तेमाल करना पड़े, तो आप आखिर कब तक टिक पाएंगे?' एक दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'जब बच्चे भी आपका मजाक उड़ाने लगें, तो समझ जाना चाहिए कि अब कोई भी आपसे डरता नहीं है.' एक्टर मोहम्मद जीशान अय्यूब ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में जर्मन थिएटर कलाकार और नाटककार बर्टोल्ट ब्रेख्त की कविता का हिंदी अनुवाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया.