Influencer Ayzia J Toledo dies: मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आयजिया जे (पूरा नाम आयजिया जे टोलेडो) की कार एक्सीडेंट में मौत हो गई है. आयजिया महज 22 साल की थीं. ये घटना अमेरिका के New Jersey में हुई. पुलिस के मुताबिक, ये दुर्घटना 5 जुलाई की रात को हुई. बताया जा रहा है कि आयजिया जिस BMW कार को चला रही थीं, उसका नियंत्रण खो गया और वो एक पेड़ से जा टकराई, जिसका बाद उनका निधन हो गया. कार में दो लोग और थे. कार में आगे बैठीं 22 साल की हेनरिएटा कार्टर की भी इस घटना में जान चली गई. वहीं पीछे की सीट पर बैठी एक तीसरी यात्री मामूली चोटों के साथ बच गईं. हादसे की जांच चल रही है.
कार एक्सीडेंट में गई जान
जानकारी के मुताबिक घटनास्थल पर पुलिस रात लगभग 10:55 बजे पहुंची. अधिकारियों ने बताया कि जब गाड़ी सड़क से उतरकर पलट गई और एक पेड़ से टकराई, तब आयजिया गाड़ी चला रही थी. दुर्घटना में लगी चोटों के कारण आयजिया और कार्टर दोनों की मौत हो गई. गाड़ी में सवार एक अन्य व्यक्ति को इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया. पुलिस अभी इस दुर्घटना की जांच कर रही है.
कौन थी Ayzia J?
बात करें Ayzia J की तो उन्होंने इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर अपनी अच्छी-खासी पहचान बना ली थी. Ayzia लाइफस्टाइल, फैशन और ट्रेवल से जुड़े शानदार कंटेंट शेयर किया करती थीं. उनके 3,00,000 से ज्यादा फॉलोवर्स हो गए थे. WION की रिपोर्ट के अनुसार, आयजिया खुद को टेलीविजन पर्सनैलिटी, कंटेंट क्रिएटर और मॉडल बताती थीं. 22 साल की आयजिया ने कई फैशन और ब्यूटी ब्रांड्स के साथ काम किया था.