Wednesday, 25 March, 2026

---विज्ञापन---

30 साल की इस एक्ट्रेस की सड़क हादसे में हुई मौत, निधन से फैंस में दौड़ी शोक की लहर

Actress Harshil Kalia Passes Away: सोमवार देर रात एक एक्ट्रेस का घर लौटते समय एक्सीडेंट हो गया. जहां इस हादसे में एक्ट्रेस की जान चली गई. उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर 'Rest in Peace' संदेशों के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

Actress Harshil Kalia Passes Away: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. उभरती हुई एक्ट्रेस और मॉडल हर्षिल कालिया का सोमवार रात (23 मार्च) एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया. 30 वर्षीय हर्षिल अपनी कार से काम के बाद घर लौट रही थीं, तभी यह भीषण दुर्घटना घटी. इस खबर के बाद उनके प्रशंसकों और सह-कलाकारों के बीच शोक की लहर है.

अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार

हादसा सोमवार की देर रात तब हुआ जब हर्षिल अपनी कार से वापस लौट रही थीं. शुरुआती रिपोर्ट्स और CCTV फुटेज के अनुसार, अचानक कार पर से उनका नियंत्रण खो गया और गाड़ी तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बाईं ओर पलट गई, जिससे हर्षिल को संभलने का मौका नहीं मिला.

---विज्ञापन---

सिर में लगी घातक चोट बनी मौत का कारण

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और अन्य राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े. उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद हर्षिल को पलटी हुई कार से बाहर निकाला और पास के अस्पताल ले गए. हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में उनके सिर पर कई गंभीर चोटें आई थीं, जो जानलेवा साबित हुईं.

‘Crime Next Door’ से मिली थी पहचान

हर्षिल कालिया ने ग्लैमर की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनानी शुरू कर दी थी. उन्हें वेब सीरीज ‘Crime Next Door’ में उनके अभिनय के लिए जाना जाता था. इसके अलावा, वह कई लोकप्रिय राजस्थानी म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ चुकी थीं, जहां उनके काम को काफी सराहा गया था.

सोशल मीडिया पर थी तगड़ी फैन फॉलोइंग

अभिनय के साथ-साथ हर्षिल मॉडलिंग की दुनिया का भी एक चर्चित नाम थीं. इंस्टाग्राम पर उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग थी, जहां वह अक्सर अपने प्रोजेक्ट्स और फोटोशूट्स साझा करती थीं. उनके अचानक चले जाने से एक उभरता हुआ करियर बीच में ही खत्म हो गया है.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

हादसे की सही वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है. क्या कार में कोई तकनीकी खराबी थी या सड़क पर कोई बाधा आई थी, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

First published on: Mar 25, 2026 10:42 AM

Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.