Aamir Khan to marry Gauri Spratt on July 5: बॉलीवुड स्टार आमिर खान एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में छा गए हैं. सुपरस्टार आमिर खान ने खुद इस बात पर अब मोहर लगा दी है कि वो तीसरी बार शादी करने जा रहे हैं. आमिर ने कन्फर्म किया है कि वो 5 जुलाई 2026 को अपनी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी करने जा रहे हैं.
तीसरी बार शादी रचा रहे आमिर खान
बॉलीवुड स्टार आमिर खान जल्द ही अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ तीसरी शादी करने वाले हैं. अब इन चर्चाओं पर खुद आमिर खान ने मोहर लगा दी है. इससे अब ये साफ हो गया है कि 61 साल की उम्र में आमिर तीसरी बार शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. इसकी जानकारी खुद आमिर खान ने एक इंटरव्यू के दौरान दी. 'वैरायटी इंडिया' को दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने खुद इस खबर पर मुहर लगाते हुए कहा, 'शादी की खबरें बिल्कुल सच हैं. ये 5 जुलाई 2026 को होने जा रही है.'
आमिर और गौरी करेंगे कोर्ट मैरिज
आमिर और गौरी, दोनों काफी समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. आमतौर पर दोनों साथ नजर आते. ऐसे में दोनों के डेटिंग की खबरें खूब सुर्खियां बटोरती थीं. वहीं अब शादी की पुष्टि कर आमिर ने इस रिश्ते को एक नई दिशा दे दी है. फिल्मफेयर की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों किसी बड़े आलीशान समारोह या भव्य रिसेप्शन के बजाय अपने घर पर ही बेहद सादगी से रजिस्टर्ड मैरिज (कोर्ट मैरिज) करेंगे. इस खास मौके पर केवल दोनों के परिवार के सदस्य और कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शामिल होंगे.
कौन हैं गौरी स्प्रैट?
गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं और फैशन, ब्यूटी और वैलनेस के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं. फिलहाल वो मुंबई में रह रही हैं. गौरी एक बेटे की सिंगल मदर भी हैं. लेकिन अक्सर उन्हें आमिर के साथ ही देखा गया है. दोनों की पहली मुलाकात करीब ढाई दशक पहले हुई थी, जिसके बाद लगातार एक-दूसरे से दोनों जुड़े रहे. इस तरह धीरे-धीरे उनका रिश्ता आगे बढ़ता गया. आमिर खान ने पहली बार मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के जश्न के दौरान गौरी को मीडिया से मिलवाया था.
आमिर खान की पहली और दूसरी शादी
बता दें कि आमिर खान की पहली शादी साल 1986 में रीना दत्ता से हुई थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद खान और इरा खान हैं. ये शादी 2002 तक चली. इसके बाद आमिर ने साल 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा आजाद राव खान है. साल 2021 में किरण और आमिर अलग हो गए. हालांकि दोनों शादियां टूटने के बावजूद आमिर अपनी पिछली दोनों पत्नियों को उतना ही मान-सम्मान देते है.