Main Wapas Aaunga: इम्तियाज अली आने वाली फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' इन दिनों जबरदस्त सुर्खियां बटोर रही है. 7 जून को इस फिल्म ने रिलीज से पहले इतिहास रच दिया जब फिल्म के म्यूजिक कंपोजर ए.आर.रहमान ने अटारी बॉर्डर पोस्ट पर अपनी पहली लाइव प्रस्तुति दी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की. अटारी बॉर्डर पर आयोजित इस कार्यक्रम में ए.आर.रहमान ने अपनी प्रस्तुति दी. उनकी आवाज ने यहां इस तरह समा बांधा कि पूरा स्टेडियम तालियों और जयकारों की गूंज से भर उठा और गर्व से लोगों ने अपने देश के जवानों का सम्मान किया.
इम्तियाज अली की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' प्यार और फिर बिछड़ने की कहानी है, जो भारत के विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है. ऐसे में अटारी बॉर्डर पर आयोजित फिल्म का ये कार्यक्रम काफी खास माना जा रहा है.
ए.आर. रहमान ने गाया ‘मां तुझे सलाम’
अटारी बॉर्डर पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत इम्तियाज अली, बिरला स्टूडियोज की अनन्या बिड़ला, वेदांग रैना और विंडो सीट फिल्म्स के निर्माता मोहित चौधरी ने दर्शकों का स्वागत करते हुए और बीएसएफ के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए की. इस आयोजन में ए.आर. रहमान ने ‘चंदा सूरज लाखों तारे’ गाने से शुरुआत की. इसके बाद मोहित चौहान, वेदांग रैना, नीलांजना घोष और पूजा तिवारी ने फिल्म के नए गानों पर शानदार परफॉर्मेंस दी. कार्यक्रम का समापन रहमान के मशहूर देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ के साथ हुआ, जिसे सुनकर हर कोई झूम उठा.
कब रिलीज होगी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’?
बात करें फिल्म की तो, ‘मैं वापस आऊंगा’ को लेकर इम्तियाज अली ने कहा, 'यह फिल्म 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन की कहानी पर आधारित है. ये फिल्म हमें याद दिलाती है कि उस दौर में सिर्फ जमीन ही नहीं, बल्कि लोगों के दिल भी टूटे थे. हम इस फिल्म के जरिए प्यार और एकता का संदेश देना चाहते हैं.' इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, शरवरी और वेदांग रैना लीड रोल में हैं. फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान का है और गाने इरशाद कामिल ने लिखे हैं. ये फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।