Mushtaq Khan passes away: बॉलीवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. मशहूर एक्टर मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया है. रिपोर्ट्स मुताबिक, हालत बिगड़ने के बाद एक्टर को गुरुवार को मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बीते 15 दिनों से उन्हें ICU में रखा गया था और खबर है कि गुरुवार शाम को उनका निधन हो गया. हालांकि अभी एक्टर के परिवार या किसी दोस्त की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
इलाज के दौरान हुआ निधन
बता दें मुश्ताक खान पिछले पांच सालों से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे. एक्टर इलाज के बाद ठीक हो गए थे, लेकिन हाल ही में ये बीमारी दोबारा लौट आई थी. इसके बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी थी. बीते दिनों उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था. मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम ने जानकारी दी कि गुरुवार को अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. उनके जाने से उनके परिवार और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ उठी है.
4 दशक से ज्यादा का करियर
अपने करियर की शुरुआत मुश्ताक खान ने थिएटर से की थी. साल 1980 में आई फिल्म 'थोड़ी सी बेवफाई' और 'अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है' से उन्होंने अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था. करीब चार दशक से अधिक के लंबे एक्टिंग करियर में उन्होंने 250 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उनके कई किरदार आज भी दर्शकों के दिल में बसे हुए हैं. फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने टीवी पर 'अदालत', 'चाचा चौधरी', 'टेढ़े-मेढ़े सपने' और 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' जैसे शोज में भी काम किया.
मुश्ताक खान की फिल्में
टीवी से लेकर बड़े पर्दे तक मुश्ताक खान ने अपने करियर में एक से बढ़कर एक यादगार किरदार निभाए. साल 2007 में आई फिल्म 'वेलकम' में उन्होंने मजनू भाई (अनिल कपूर) के साथी 'बल्लू' का रोल निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब प्यार दिया. मुश्ताक खान ने 'हम हैं राही प्यार के', 'आशिकी', 'मुझसे शादी करोगी', 'चुटकी बाबा', 'गदर: एक प्रेम कथा', 'गुल खान', 'दिल है कि मानता नहीं' में शानदार किया.
कॉमेडी फिल्मों से मिली खान पहचान
मुश्ताक खान ने कॉमेडी फिल्मों में से भी खूब नाम कमाया. उन्होंने 'हेरा फेरी', 'जोड़ी नं. 1', 'राउडी राठौर' और 'वेलकम बैक' जैसी कॉमेडी फिल्मों से लगातार दर्शकों का दिल जीता. वो फिल्म 'स्त्री' और 'स्त्री 2' जैसी सुपरहिट फिल्मों में भी नजर आए थे.