The Odyssey X Review: हॉलीवुड के सबसे बड़े और जीनियस डायरेक्टर्स में शुमार दिग्गज फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म ‘द ओडिसी’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. इस फिल्म के बड़े पर्दे पर आते ही थिएटर्स के बाहर दर्शकों का तांता लग गया है. जहां दुनिया भर के क्रिटिक्स इस विजुअल मास्टरपीस की जमकर तारीफ कर रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच एक बड़ा घमासान छिड़ गया है. पहले ही दिन शो देखकर बाहर निकली ऑडियंस की राय इस फिल्म को लेकर पूरी तरह से बंटी हुई नजर आ रही है. आइए जानते हैं क्या है जनता का रिव्यू…
विजुअल्स की दुनिया में धूम
मशहूर डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन (Christopher Nolan) की महाकाय फिल्म 'द ओडिसी' (The Odyssey) आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. फिल्म के रिलीज होते ही आईमैक्स (IMAX) थिएटर्स के बाहर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. शुरुआती शो देखकर बाहर निकले फैंस का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कहना है कि यह फिल्म देखने में बेहद आलीशान और विजुअली शानदार है. नोलन ने प्राचीन महाकाव्य को पर्दे पर दिखाने के लिए एक बेहद विशाल और भव्य कैनवास का इस्तेमाल किया है.
उलझी कहानी पर उठे सवाल
फिल्म के कमाल के विजुअल्स की तारीफ के बीच सोशल मीडिया पर इसकी कहानी और रफ्तार को लेकर दर्शकों की राय काफी बंटी हुई नजर आ रही है. कई यूजर्स ने इस फिल्म को पूरी तरह से उबाऊ, धीमी और जरूरत से ज्यादा खिंची हुई बताया है. दर्शकों का कहना है कि फिल्म की शुरुआत का पहला एक घंटा काफी थका देने वाला है और इसके सीन्स का बहुत जल्दी-जल्दी बदलना और समय के साथ उलझा हुआ खेल दर्शकों के लिए सिरदर्द साबित हो रहा है.
डायलॉग और नकली लहजे पर बवाल
फिल्म की भव्यता के बावजूद इसके डायलॉग्स और कलाकारों के बोलने के तरीके ने दर्शकों को काफी निराश किया है. सोशल मीडिया पर कई नेटिजन्स ने शिकायत की है कि फिल्म में इस्तेमाल किए गए आधुनिक डायलॉग्स ने इसके प्राचीन ऐतिहासिक माहौल को पूरी तरह से खराब कर दिया है. इसके अलावा कलाकारों द्वारा बोले गए अलग-अलग विदेशी लहजे के कारण दर्शक खुद को फिल्म के किरदारों और इसकी पौराणिक दुनिया से पूरी तरह जोड़ने में नाकाम साबित हो रहे हैं.
मैट डेमन की दमदार एक्टिंग
पूरी फिल्म की कमियों और खूबियों को लेकर चल रही इस बहस के बीच मुख्य किरदार ओडिसियस की भूमिका निभाने वाले अभिनेता मैट डेमन (Matt Damon) की एक्टिंग की हर कोई दिल खोलकर तारीफ कर रहा है. दर्शकों का कहना है कि मैट डेमन ने इस बेहद मुश्किल और पेचीदा किरदार को बहुत ही बेहतरीन तरीके से पर्दे पर जिया है. कई फैंस तो अभी से ही उनके इस शानदार अभिनय के लिए उन्हें ऑस्कर अवॉर्ड दिए जाने की मांग कर रहे हैं.
ऐन हैथवे ने संभाला मोर्चा
इस भव्य फिल्म में मैट डेमन के अलावा मशहूर एक्ट्रेस ऐन हैथवे (Anne Hathaway) भी एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आ रही हैं. फिल्म देखने वाले दर्शकों का मानना है कि जहाँ एक तरफ कमजोर कहानी और खराब कास्टिंग फिल्म को कमजोर बना रही थी, वहीं दूसरी तरफ मैट डेमन और ऐन हैथवे की दमदार अदाकारी और जुगलबंदी ने पूरी फिल्म को बखूबी संभाले रखा है. यह फिल्म होमर के ऐतिहासिक महाकाव्य पर आधारित है, जिसे क्रिटिक्स एक बड़ा सिनेमाई अनुभव बता रहे हैं.