सोशल मीडिया की दुनिया से बेहद दुखद और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. इंटरनेट पर खूबसूरती, मेकअप और स्किनकेयर टिप्स के जरिए लाखों दिलों को जीतने वाली महज 17 साल की मशहूर इंफ्लुएंसर की दर्दनाक हादसे में जान चली गई है. खूबसूरत वादियों की सैर पर निकली यह युवा स्टार एक भीषण हेलीकॉप्टर दुर्घटना का शिकार हो गई. इस घटना के बाद उनके परिवार में गहरा मातम छा गया है और उनके लाखों प्रशंसक गहरे सदमे में हैं.

ब्राजील में हुआ भीषण हादसा

कोलंबिया की रहने वाली 17 साल की लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर सोफिया मुरिलो (Sofia Murillo) अपने परिवार के साथ ब्राजील के रियो डी जनेरियो में छुट्टियां मनाने गई थीं. 8 अगस्त को तिजुका नेशनल पार्क के पास 'विस्टा चिनेसा' (Vista Chinesa) के जंगल में उनका टूरिस्ट हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

---विज्ञापन---

पूरे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस खौफनाक हादसे में सोफिया मुरिलो के अलावा उनकी 37 वर्षीय मां वेंडी मनरीके, 59 वर्षीय नानी रोसियो क्यूबिलोस और हेलीकॉप्टर उड़ा रहे पायलट एलेसेंड्रो रोचा की भी दर्दनाक मौत हो गई. फ्लाइट के उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हेलीकॉप्टर पहाड़ी इलाके में गिरकर आग की लपटों में घिर गया.

खबर देखकर परिवार को लगा धक्का

सोफिया के मामा ने बताया कि वे लोग एक दूसरे हेलीकॉप्टर से जाने के लिए एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे. 20 मिनट की सैर के बाद पहले हेलीकॉप्टर को वापस लौटना था, लेकिन परिजनों को एयरपोर्ट पर इंतजार के दौरान टीवी खबरों के जरिए इस भीषण हादसे का पता चला, जिससे सभी के होश उड़ गए.

---विज्ञापन---

हादसे की जांच में जुटी एजेंसियां

ब्राजील की वैमानिकी दुर्घटना जांच एजेंसी (CENIPA) और सिविल पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. हालांकि, हेलीकॉप्टर कंपनी के वकील का दावा है कि विमान की मरम्मत पूरी तरह अपडेट थी और पायलट के पास सभी जरूरी लाइसेंस मौजूद थे.

फैंस ने जताया गहरा दुख

सोफिया मुरिलो इंस्टाग्राम और टिकटॉक (TikTok) पर काफी लोकप्रिय थीं, जहां 2.5 लाख से अधिक लोग उन्हें फॉलो करते थे. वह मुख्य रूप से ब्यूटी, स्किनकेयर और वर्कआउट से जुड़े वीडियो पोस्ट करती थीं. उनकी मौत की खबर मिलते ही उनके लाखों फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

---विज्ञापन---