बॉलीवुड के 'भाईजान' पिछले कुछ वक्त से सुर्खियों में छाए हुए हैं, जिसके पीछे वजह उनकी कोई फिल्म या गाना नहीं, बल्कि उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ने की खबर है, जिसे सुनकर उनके फैंस थोड़ा कंफ्यूज हैं, वो यह जानना चाहते हैं, कि क्या वाकई सलमान खान अपना नया घर बन जाने के बाद गैलेक्सी अपार्टमेंट को छोड़ देंगें, क्योंकि इस घर से जितनी सलमान खान की यादें जुड़ी हैं, उतनी ही उनके फैंस की भी मेमोरी जुड़ी हुई है.

दावों की क्या है सच्चाई?

मुंबई में सलमान खान के नए घर को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चाएं हो रही हैं. सोशल मीडिया से लेकर कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि बॉलीवुड के 'भाईजान' जल्द ही अपना मशहूर गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़कर नए घर में शिफ्ट हो सकते हैं, लेकिन क्या वाकई ऐसा होने वाला है? अब इस पूरे मामले की असली तस्वीर सामने आ गई है.

---विज्ञापन---

क्या है सच्चाई

दरअसल, जिस प्रॉपर्टी को लेकर यह चर्चा हो रही है, वह मुंबई के बांद्रा (पश्चिम) इलाके में स्थित है. कई लोगों को लगा कि सलमान खान ने हाल ही में यह जमीन खरीदी है, लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्रॉपर्टी खान परिवार के पास पिछले 10 साल से भी ज्यादा समय से मौजूद है, यानी यह कोई नई खरीद नहीं है.

क्या गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ देंगे सलमान खान?

अब सवाल उठता है कि अचानक यह प्रॉपर्टी चर्चा में क्यों आ गई? इसकी वजह है महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) की हालिया सिफारिश. अथॉरिटी ने इस जमीन पर रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट को नियमों के तहत मंजूरी देने की सिफारिश की है. बताया जा रहा है कि यहां पहले मौजूद पुरानी इमारत को गिराया जा चुका है और अब उसकी जगह नया निर्माण किया जाएगा.

---विज्ञापन---

क्या है खान परिवार की प्लानिंग?

रिपोर्ट्स के अनुसार, खान परिवार इस जगह पर छह मंजिला सी-फेसिंग आलीशान रेजिडेंस बनाने की प्लनिंग पर काम कर रहा है. हालांकि, इस प्रोजेक्ट को अभी आगे की दूसरी जरूरी मंजूरियां भी मिलनी बाकी हैं. यानी निर्माण कार्य शुरू होने और पूरा होने में अभी समय लग सकता है.

---विज्ञापन---

क्यों अटकलों का बाजार है गर्म?

इसी बीच यह अटकलें भी तेज हो गईं कि नया घर तैयार होते ही सलमान खान अपने परिवार के साथ वहां शिफ्ट हो जाएंगे, लेकिन फिलहाल इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सूत्रों का कहना है कि बांद्रा की यह प्रॉपर्टी लंबे समय से खान परिवार के रियल एस्टेट पोर्टफोलियो का हिस्सा है और अभी केवल इसके रीडेवलपमेंट की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है.

---विज्ञापन---

सालों से अपने माता-पिता के साथ रह रहे सलमान खान

सलमान खान पिछले कई दशकों से अपने माता-पिता के साथ गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहे हैं. यही घर उनके फैंस के लिए भी खास पहचान बन चुका है. हर साल ईद और उनके जन्मदिन पर हजारों प्रशंसक गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर पहुंचकर अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने का इंतजार करते हैं.

---विज्ञापन---

फैंस को करना होगा इंतजार

ऐसे में फिलहाल इतना जरूर कहा जा सकता है कि नए घर के निर्माण की खबर सही है, लेकिन सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट छोड़ने की बात अभी सिर्फ अटकलों तक ही सीमित है. आधिकारिक ऐलान होने तक फैंस को इंतजार करना होगा.