Rohit Chandel Granted Bail: टीवी शो ‘पांड्या स्टोर’ और सैराब से पॉपुलर हुए एक्टर रोहित चंदेल को POCSO केस में जमानत मिल गई है. एक्टर पर 16 साल की को-एक्ट्रेस संग छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप है. नाबालिग ने रोहित पर पीछा करने, बार-बार फोन करने, परेशान करने और मारपीट करने का आरोप लगाया था. इस मामले में रोहित ने अपना जुर्म भी कबूल किया था, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें जुलाई में गिरफ्तार किया था.

रोहित चंदेल जेल से रिहा

रोहित चंदेल पर प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज एक्ट यानी POCSO के तहत केस दर्ज है. गिरफ्तारी के बाद रोहित करीब दो महीने से जेल में थे. वहीं अब उन्हें बेल पर जेल से रिहा किया गया है. रोहित चंदेल को पहले जमानत मिलने में मुश्किल हुई थी. दरअसल एक्टर के केस के कागजात में कुछ गड़बड़ियां सामने आई थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दस्तावेजों में उनके पेशे को एक्टर की जगह गलत तरीके से बिजनेसमैन बताया गया था. चार्जशीट में एक्टर का धर्म भी गलत दर्ज किया गया था. उनके मेडिकल रिकॉर्ड में भी गलती थी. उनकी वैवाहिक स्थिति मैरिड लिखी गई थी, जबकि रोहित चंदेल ने खुद को अविवाहित बताया है.

---विज्ञापन---

इसपर एक्टर के वकील ने कहा था कि सरकारी कागजात में हुई गलतियों का केस पर कोई असर नहीं पड़ना चाहिए. हालांकि, 22 जुलाई को रोहित चंदेल की दूसरी जमानत अर्जी खारिज कर दी गई थी. इसके बाद 16 साल की शिकायतकर्ता ने ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया था.

10 जुलाई को हुई थी गिरफ्तारी

बता दें रोहित चंदेल को इस मामले में 10 जुलाई को पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उनपर पॉक्सो एक्ट (प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज) के तहत शिकायत दर्ज हुई थी. 10 जुलाई को ही उन्हें दहिसर स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में पेश किया गया. नाबालिग की शिकायत मिलने पर पंत नगर पुलिस स्टेशन ने एक्टर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 (पीछा करना) और 115(2) (चोट पहुंचाने का इरादा) भी लगाई हैं.

---विज्ञापन---

नाबालिग संग छेड़छाड़ और मारपीट का मामला

रोहित पर आरोप हैं कि वो नाबालिग लड़की को अपने नंबर से कॉल कर बार-बार परेशान कर रहे थे. नाबालिग ने उनका फोन उठाना बंद किया, तो एक्टर दूसरे नंबर से बार-बार कॉल कर परेशान करने लगे. शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई को रोहित ने लड़की को उसके घर के पास जबरदस्ती रोकने की कोशिश की और बाद में उसका पीछा भी किया. जब नाबालिग ने विरोध किया, तो एक्टर ने बहस करते हुए उसे गालियां दीं और मारपीट की.

कई टीवी शो में नजर आ चुके हैं रोहित चंदेल

बात करें रोहित चंदेल की तो महाराष्ट्र के शहादा में जन्में पॉपुलर टीवी एक्टर हैं. उन्होंने साल 2014 में 'हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल' शो से अपना टीवी डेब्यू किया था. रोहित 'चंद्रगुप्त मौर्य', 'तमन्ना' और 'ये उन दिनों की बात है' जैसे कई टीवी शोज में नजर आ चुके हैं. साल 2022 में उन्होंने डिज्नी+ हॉटस्टार की वेब सीरीज 'स्काइप लाइव' में राजकुमार का किरदार निभाया. टीवी शो 'काशीबाई बाजीराव बल्लाल' और 'पांड्या स्टोर' से एक्टर को घर-घर पहचान मिली. वो 'सैराब' शो में काम कर रहे थे. लेकिन जेल जाने के बाद उन्हें शो से निकाल दिया गया.

---विज्ञापन---