Ramayana Trailer Reaction: नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था. आखिरकार आज, 30 जुलाई को सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया गया. ट्रेलर के रिलीज के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों में एक्साइटमेंट और बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर लोग ट्रेलर पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं और इसे शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है.
दर्शक ट्रेलर, सेट डिजाइन और VFX की जमकर तारीफ कर रहे हैं. फैंस रणबीर कपूर के भगवान राम वाले लुक से काफी प्रभावित नजर आए हैं. वहीं, रावण के किरदार में यश की भी खूब सराहना हो रही है।.हालांकि, कुछ लोगों ने ट्रेलर की कुछ कमियों की ओर भी इशारा किया है. आइए जानते हैं कि सोशल मीडिया पर लोगों ने ट्रेलर को लेकर कैसा रिएक्शन दिया है.
ट्रेलर को दर्शकों का मिला जबरदस्त रिएक्शन
ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर लगातार रिएक्शन सामने आ रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, "यश रावण के रोल में जबरदस्त लग रहे हैं. लेकिन उनकी आवाज में साउथ इंडियन लहजा सुनाई दे रहा है. रावण के किरदार के लिए उनकी आवाज ज्यादा दमदार और डायलॉग डिलीवरी पूरी तरह साफ होनी चाहिए, जो ट्रेलर में महसूस नहीं होती."
दूसरे यूजर ने लिखा, "रामायण का ट्रेलर दमदार लग रहा है. मैं चाहता हूं कि यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचे. प्रभु राम और माता सीता के किरदार भी शानदार लग रहे हैं. VFX का काम DNEG ने किया है, इसलिए मुझे इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है."
एक अन्य यूजर ने लिखा, "इस पल से ही 'Ramayana' एक ग्लोबल स्पेक्टेकल बन जाती है. ए. आर. रहमान, आप पर मुझे कभी शक नहीं हो सकता और हैंस जिमर हमेशा की तरह असाधारण हैं. Ramayana"
ट्रेलर की तारीफ करते हुए एक और यूजर ने लिखा, "वाह! मैं तो पूरी तरह से कायल हो गया हूं। 'Ramayana' Trailer देखने में बेहद शानदार है. हर फ्रेम में इतना कुछ हो रहा है कि इसे सिर्फ एक बार देखने से मन नहीं भरता. इसका पैमाना, बारीकियां, भावनाएं, संगीत, कॉस्ट्यूम, लोकेशन और दिव्य दृश्य आंखों को सुकून देते हैं. यह ट्रेलर हर फ्रेम का बारीकी से विश्लेषण किए जाने का हकदार है. 'रामायण' के जरिए भारतीय सिनेमा कुछ बेहद भव्य करने की कोशिश कर रहा है. पूरी टीम को शुभकामनाएं."
एक अन्य यूजर ने लिखा, "क्या जबरदस्त ट्रेलर है. भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर ने कमाल कर दिया है. वहीं, रावण के किरदार में यश भी बेहद दमदार लगे हैं. इस ट्रेलर का इंतजार करना पूरी तरह सार्थक रहा. ऐसा लगता है कि एक भारतीय फिल्म हॉलीवुड स्तर का विजुअल अनुभव देने की कोशिश कर रही है."
बता दें कि फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आए हैं. वहीं, यश रावण और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं. इनके अलावा फिल्म में लारा दत्ता, रवि दुबे, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, रकुल प्रीत सिंह, इंदिरा कृष्णन, सनी देओल और अरुण गोविल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। यह फिल्म 2026 की दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी.