Queen 2 controversy: कंगना रनौत की अपकमिंग फिल्म 'क्वीन 2' रिलीज से पहले ही बड़े विवाद में घिर गई है. फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और इस समय यह पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है, लेकिन इसी बीच फैंटम स्टूडियोज ने जियोस्टार इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ बॉम्बे हाई कोर्ट में 250 करोड़ रुपये का मुकदमा दायर कर दिया है. स्टूडियो का आरोप है कि यह फिल्म उनकी सुपरहिट फिल्म 'क्वीन' का अनधिकृत सीक्वल है.

क्या है मामला?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैंटम स्टूडियोज का कहना है कि साल 2014 में रिलीज हुई 'क्वीन' के सभी इंटलेक्चुअल प्रॉपर्टी राइट्स में फैंटम और जियोस्टार की 50-50 फीसदी हिस्सेदारी है. दोनों पक्षों के बीच हुए पुराने समझौते के अनुसार, अगर भविष्य में फिल्म का सीक्वल, प्रीक्वल या इससे जुड़ा कोई प्रोजेक्ट बनाया जाता है, तो दोनों की सहमति जरूरी होगी. फैंटम का दावा है कि उनकी मंजूरी लिए बिना ही 'क्वीन 2' का निर्माण किया गया है.

---विज्ञापन---

क्यों कानूनी पचड़े में फंसी फिल्म?

इतना ही नहीं, फैंटम स्टूडियोज ने कोर्ट से फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगाने की भी मांग की है. साथ ही जियोस्टार से 250 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की गई है. बताया जा रहा है कि फैंटम ने इस मामले को आपसी सहमति से सुलझाने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी ओर से किए गए संपर्क का कोई जवाब नहीं मिला.

क्या कहना है जियोस्टार इंडिया का?

वहीं दूसरी ओर, जियोस्टार इंडिया ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया है. कंपनी का कहना है कि 'क्वीन 2' किसी भी तरह से साल 2014 की 'क्वीन' का सीक्वल नहीं है, बल्कि यह पूरी तरह नई और स्वतंत्र कहानी पर आधारित फिल्म है.

---विज्ञापन---

'क्वीन' पर क्या दी गई दलील?

जियोस्टार ने अपने बयान में यह भी कहा कि Queen अंग्रेजी भाषा का एक सामान्य शब्द है और किसी भी पक्ष का इस शब्द पर विशेष अधिकार नहीं हो सकता. कंपनी के मुताबिक, सिर्फ नाम के आधार पर किसी फिल्म को सीक्वल नहीं माना जा सकता.

---विज्ञापन---

बॉम्बे हाई कोर्ट की सुनवाई पर टिकी नजरें

अब इस पूरे मामले पर सभी की नजर बॉम्बे हाई कोर्ट की सुनवाई पर टिकी है. अगर कोर्ट फैंटम स्टूडियोज की मांग पर अंतरिम राहत देता है, तो 'क्वीन 2' की रिलीज प्रभावित हो सकती है. वहीं, यदि जियोस्टार की दलीलें मजबूत साबित होती हैं, तो फिल्म तय समय पर सिनेमाघरों तक पहुंच सकती है. फिलहाल, रिलीज से पहले ही 'क्वीन 2' कानूनी विवाद की वजह से सुर्खियों में बनी हुई है.

---विज्ञापन---