Netflix: नेटफ्लिक्स पर हर हफ्ते नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है. खासकर सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर फिल्में इन दिनों दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई हैं. आज हम आपको ऐसी दो फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो जल्द ही नेटफ्लिक्स से हटने वाली हैं. अगर आपने अभी तक इन्हें नहीं देखा है, तो नेटफ्लिक्स से हटने से पहले इन्हें अपनी मस्ट-वॉच लिस्ट में जरूर शामिल कर लें.
ये दो फिल्में नेटफ्लिक्स से होंगी रिमूव
दरअसल, ये दो फिल्में 'गेम ओवर' और 'ओह बेबी' हैं. दोनों ही महिला प्रधान फिल्में हैं और जल्द ही नेटफ्लिक्स से हटाई जाएंगी. खास बात यह है कि दोनों फिल्में साल 2019 में करीब एक महीने के अंतराल पर रिलीज हुई थीं. आइए जानते हैं इनके बारे में.
ओ बेबी की क्या है कहानी
सबसे पहले बात करते हैं समांथा रुथ प्रभु की फिल्म 'ओह बेबी' की, जो साल 2019 में रिलीज हुई थी. यह एक फैंटेसी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी 70 साल की जिद्दी दादी लक्ष्मी के इर्द-गिर्द घूमती है. एक फोटो स्टूडियो में तस्वीर खिंचवाने के बाद वह अचानक 24 साल की युवती में बदल जाती हैं.
ओ बेबी कलेक्शन
इस फिल्म का निर्देशन बी. वी. नंदिनी रेड्डी ने किया है. करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 38 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था और हिट साबित हुई थी. IMDb पर इसे 7.3 की रेटिंग मिली है. बताया जा रहा है कि 'ओह बेबी' को 2 सितंबर 2026 को नेटफ्लिक्स से हटा दिया जाएगा. इसके ओरिजिनल और डब्ड, दोनों वर्जन प्लेटफॉर्म से हटाए जा सकते हैं. हालांकि, आगे फिल्म के डिजिटल राइट्स रिन्यू किए जाएंगे या इसे स्थायी रूप से हटाया जाएगा, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
गेम ओवर की क्या है कहानी?
अब बात करते हैं तापसी पन्नू की फिल्म 'गेम ओवर' की. यह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है, जिसकी कहानी स्वप्ना नाम की एक वीडियो गेम डिजाइनर के इर्द-गिर्द घूमती है. वह PTSD (पोस्ट-ट्रॉमैटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर) से पीड़ित होती है, जिसकी वजह से उसे अंधेरे से डर लगता है.
गेम ओवर कलेक्शन
फिल्म का निर्देशन अश्विन सरवनन ने किया है. यह फिल्म 14 जून 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. करीब 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 16 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. हालांकि, ओटीटी पर इसे दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और IMDb पर इसे 6.9 की रेटिंग मिली. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म को 12 अगस्त 2026 को नेटफ्लिक्स से हटा दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें- Bigg Boss 20 Promo: सलमान खान ला रहे हैं ‘करण अर्जुन’ वाला ट्विस्ट, इस दिन शुरू होगा शो