Neem Karoli Baba Daughter: बाब नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है. रिलीज के महीनेबाद भी सिनेमाघरों में फिल्म को खूब पसंद किया जा रहा है. जल्द ही ये फिल्म इंडियन बॉक्स ऑफिस पर नेट 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली है. फिल्म की सफलता को लेकर निर्माता रागिनी सोना कहती है कि नीम करौली बाबा के आशीर्वाद ने इसकी सफलता में अहम भूमिका निभाई है. हाल ही में रागिनी ने फिल्म रिलीज होने से पहले बाबा की बेटी गिरिजा जी (अम्मा जी) से अपनी मुलाकात के बारे में बताया है.
बाबा की बेटी ने 15 बार देखी ‘हनुमान अंश’
स्क्रीन को दिए एक इंटरव्यू में रागिनी सोना ने कहा, 'मैं नीम करौली बाबा की बेटी गिरिजा जी से मिली. हमने उनका कॉन्टैक्ट नंबर ढूंढने की कोशिश की और उनसे मिलने गईं क्योंकि विशाल चतुर्वेदी भी चाहते थे कि हम एक बार उनका आशीर्वाद लें. हम तीनों- अम्मा जी, विशाल और मैं के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें हमने उनसे पूछा कि क्या वो फिल्म देखना चाहेंगी. उन्होंने कहा, 'हां, मैं फिल्म तब देखूंगी जब मुझे लगेगा कि सही समय आ गया है.' आज तक, बाबा की बेटी ने ये फिल्म लगभग 15 बार देखी है और हर बार वह रोई हैं.'
प्रोड्यूसर के साथ हुआ चमत्कार
आगे बात करते हुए रागिनी ने कहा, 'उन्होंने हमसे पूछा, 'कृपया मुझे बताएं, आपको यह फिल्म बनाने की प्रेरणा कहां से मिली?' मैंने छह साल की उम्र में नीम करौली बाबा से मिलने का अपना अनुभव साझा किया. विशाल ने बताया कि उन्हें ये फिल्म बनाने की प्रेरणा कैसे मिली और अपनी रिसर्च के बारे में बात की. मैंने कहा, 'अम्मा जी, मेरे पिता नैनीताल में पोस्टेड थे.' कोई इस बात पर यकीन नहीं करेगा, लेकिन चूंकि विशाल कॉल पर थे, इसलिए वो इस चमत्कार के गवाह हैं. अम्मा जी ने तुरंत मेरे पिता का नाम लिया, आगरा में मेरे पिता के घर की सही जगह बताई. अम्मा जी ने कहा कि वो सब कुछ अपनी आंखों के सामने असल समय में देख सकती थीं. उन्होंने मेरे बड़े भाई का नाम भी लिया. मैं इससे बड़े चमत्कार के बारे में सोच भी नहीं सकती.'
रागिनी सोना ने आगे बताया कि ये सब सुनकर वो काफी भावुक हो गई थीं. उन्होंने कहा, 'मैं रो रही थी और मैंने उनसे पूछा, ‘आपको ये सब कैसे पता?’ इस पर अम्मा जी ने जवाब दिया, ‘मेरे पास तुम्हारे सवाल का कोई जवाब नहीं है, लेकिन मैं सब कुछ देख सकती थी.’ आखिर वो बाबा जी की बेटी हैं और इस अनुभव के बाद मुझे यकीन हो गया कि बाबा ने मुझे इतने बड़े काम का हिस्सा बनने के लिए चुना है.'
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा को श्रेय
इंटरव्यू के दौरान रागिनी ने नीम करौली बाबा को नई पीढ़ी से परिचित कराने का श्रेय भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा को भी दिया. उन्होंने कहा 'बाबा के बारे में लोगों में जिज्ञासा जगाने में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने अहम भूमिका निभाई. मुझे यकीन है कि उन्होंने भी कुछ ऐसा अनुभव किया होगा जिसने उनकी जिंदगी बदल दी लेकिन कई बार लोग इसके बारे में खुलकर बात नहीं करते क्योंकि इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता, सिर्फ महसूस किया जा सकता है. अब, ये फिल्म लोगों के लिए बाबा को जानने का एक जरिया है क्योंकि किसी ने भी अभी तक उनकी कहानी नहीं बताई थी.'