बॉलीवुड की एक ऐसी एक्ट्रेस जिन्होंने हिंदी सिनेमा को कई हिट फिल्में दीं हैं, उन्होंने इंडस्ट्री के बड़े-बड़े एक्टर्स के साथ काम किया और उनकी खूबसूरती से लेकर उनकी अदाकारी तक के दर्शक दीवाने रहे हैं, हाल ही में इस एक्ट्रेस ने अपने दिल के करीब अपने घर की झलक फैंस के साथ शेयर की, इसी के साथ उन्होंने घर से जुड़ी एक-एक चीज की डीटेल भी लोगों को बताई और वो एक्ट्रेस नीलम कोठारी हैं.
नीलम ने शेयर की अपने घर की झलक
नीलम कोठारी ने अपने फैंस को उस खास जगह की झलक दिखाई है, जो उनके दिल के बेहद करीब है. उन्होंने महाराष्ट्र के लोनावला स्थित अपने 30 साल पुराने फैमिली वेकेशन विला 'ले शैले कोठारी' (Le Chalet Kothari) का वीडियो टूर शेयर किया, जिसमें उन्होंने घर से जुड़ी यादों और अपने माता-पिता की विरासत के बारे में खुलकर बात की.
नीलम ने अपने यूट्यूब चैनल पर दिखाया विला
'हम साथ-साथ हैं' जैसी सुपरहिट फिल्मों में नजर आ चुकीं नीलम ने 4 जून को अपने यूट्यूब चैनल पर यह वीडियो शेयर किया था. वीडियो में उन्होंने बताया कि यह खूबसूरत विला उनके माता-पिता ने करीब तीन साल पहले बड़े प्यार और मेहनत से बनवाया था. यही वजह है कि यह घर उनके लिए सिर्फ एक प्रॉपर्टी नहीं, बल्कि अनमोल यादों का खजाना है.
हरियाली से घिरा है विला
हरी-भरी वादियों के बीच बना यह विक्टोरियन स्टाइल विला अपनी पारंपरिक खूबसूरती और विंटेज आकर्षण के लिए खास है. घर में मौजूद एंटीक फर्नीचर, लकड़ी के बड़े दरवाजे, मेहराबदार रास्ते, पुराने झूमर और क्लासिक इंटीरियर इसकी शान बढ़ाते हैं. नीलम ने वीडियो में उन खास चीजों को भी दिखाया, जिन्हें उनके माता-पिता ने सालों तक सहेजकर रखा था.
क्यों एक्ट्रेस के लिए खास है विला?
एक्ट्रेस ने अपने दिवंगत पिता के वॉकिंग स्टिक कलेक्शन की झलक दिखाई, जिसे उन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों से इकट्ठा किया था. वहीं, उनकी मां की बनाई गई पेंटिंग्स और सजावट भी घर की खूबसूरती में चार चांद लगाती हैं. नीलम ने बताया कि उनकी मां ने इस घर के हर कोने को बेहद प्यार से सजाया था.
विला में दिखती है ये खास झलक
विला के बेडरूम भी पुराने भारतीय घरों की झलक पेश करते हैं. लकड़ी के चारपाई वाले बेड, एंटीक लैंप, विक्टोरियन ड्रेसिंग टेबल और बड़ी-बड़ी खिड़कियां घर को शाही अंदाज देती हैं. इन कमरों से सीधे बालकनी में पहुंचा जा सकता है, जहां से चारों ओर फैली हरियाली का शानदार नजारा दिखाई देता है.
इमोशनल हुईं नीलम कोठारी
वीडियो के दौरान नीलम भावुक भी नजर आईं. उन्होंने कहा कि यह घर उनके माता-पिता की यादों से जुड़ा हुआ है और वह भविष्य में इसे रिनोवेट करके इसकी विरासत को आगे बढ़ाना चाहती हैं. काम की बात करें तो नीलम कोठारी को आखिरी बार नेटफ्लिक्स का पॉपुलर रियलिटी सीरीज 'द फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स' में देखा गया था.