मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. पांच दशकों से अधिक समय तक अपनी बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले एक दिग्गज अभिनेता का निधन हो गया है. टीवी से लेकर फिल्मों और थिएटर तक में अपनी एक अलग और खास छाप छोड़ने वाले इस 78 वर्षीय सुपरस्टार ने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है. उनके निधन की अचानक आई इस खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. आइए जानते हैं कौन थे ये कलाकार और क्या थी उनके निधन की मुख्य वजह…

78 वर्ष की उम्र में दिग्गज अभिनेता का हुआ निधन

कनाडाई टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय और दिग्गज अभिनेताओं में से एक मार्क मेसियर (Marc Messier) का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. उनकी मीडिया एजेंसी ने एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि वह पिछले कुछ समय से एक बीमारी से जूझ रहे थे और मंगलवार को उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली. उनके परिवार में उनके तीन बच्चे हैं. उनके निधन की खबर से पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच भारी शोक की लहर दौड़ गई है.

---विज्ञापन---

ऐतिहासिक स्टेज शो से मिली थी अपार सफलता

मार्क मेसियर ने क्यूबेक की मनोरंजन इंडस्ट्री में 50 साल से भी लंबा और शानदार करियर बिताया था. उन्हें सबसे ज्यादा उनके मशहूर कॉमेडी स्टेज शो 'ब्रू' (Broue) के लिए जाना जाता है. साल 1979 में शुरू हुए इस आइकॉनिक शो का 38 सालों तक सफल मंचन किया गया था. इस दौरान इस नाटक के कुल 3,322 शोज हुए जिन्हें तीस लाख से भी ज्यादा दर्शकों ने देखा था. यह शो कनाडाई संस्कृति का एक बहुत बड़ा और अहम हिस्सा बन गया था.

हिट फ्रेंचाइजी और टीवी शोज में निभाया यादगार रोल

थिएटर के अलावा टेलीविजन और फिल्मों की दुनिया में भी उनका जलवा बरकरार था. टीवी पर उन्हें सबसे ज्यादा मशहूर सिटकॉम 'ला पेटिट वी' (La petite vie) में उनके रेजेन वाले किरदार के लिए पहचाना जाता था. इसके अलावा वह स्पोर्ट्स पर बनी हिट फ्रेंचाइजी 'लांस एट कॉम्पटे' (Lance et compte) और 'लेस बॉयज़' (Les Boys) में भी नजर आए थे, जिसने उन्हें घर-घर में एक जाना-माना चेहरा बना दिया था.

---विज्ञापन---

50 साल के लंबे करियर में दिए कई बेहतरीन प्रोजेक्ट्स

अपने लंबे एक्टिंग करियर में मार्क मेसियर ने 'ओमेर्टा' (Omerta), 'ला फेल' (La faille) और कई सफल टीवी ड्रामा में काम किया था. उन्होंने साल 1995 में 'द स्फिंक्स' (The Sphinx) और साल 2022 में 'माई मदर्स मेन' (My Mother's Men) जैसी फिल्मों में भी अपने अभिनय का जादू बिखेरा था. टेलीविजन पर उनका आखिरी रोल 'वेलकम टू किंग्स्टन फॉल्स' (Welcome to Kingston Falls) सीरीज में पॉप का था. हाल ही के वर्षों में वह 'अलोन… ऑन स्टेज' (Alone… on Stage!) नाम के अपने एक सोलो शो से भी जुड़े हुए थे.

---विज्ञापन---

सिनेमा में योगदान के लिए मिले थे कई बड़े सम्मान

अभिनय की दुनिया में उनके इस ऐतिहासिक और अमूल्य योगदान के लिए उन्हें कई बड़े सम्मानों से नवाजा गया था. उन्हें अपने शानदार काम के लिए कई जेमो और आर्टिस पुरस्कार (Gémeaux and Artis awards) मिले थे. इसके अलावा कनाडाई संस्कृति में उनके योगदान को देखते हुए साल 2025 में उन्हें प्रतिष्ठित ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ कनाडा (Officer of the Order of Canada) से भी सम्मानित किया गया था. उनका यह शानदार सफर सिनेमा के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा.

---विज्ञापन---