Mallika Sherawat on Tom Cruise: बॉलीवुड एक्ट्रेस मल्लिका शेरावत चर्चित रियलिटी शो में 'द ट्रेटर्स' के सीजन 2 में नजर आने वाली हैं. ये शो 13 अगस्त से स्ट्रीम होगा. इससे पहले मेकर्स ने शो के कई प्रोमो वीडियो जारी किए हैं. इन्हीं में से एक प्रोमो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मल्लिका कंटेस्टेंट्स से हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज को लेकर कुछ चौंकाने वाले दावे करती नजर आ रही हैं. एक्ट्रेस ने दावा किया कि टॉम क्रूज को उन पर क्रश है.
Tom Cruise की क्रश हैं Mallika Sherawat?
रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के सीजन 2 से वायरल एक क्लिप में कॉमेडियन आदित्य कुलश्रेष्ठ, जिन्हें 'कुल्लू' के नाम से भी जाना जाता है वो मल्लिका से पूछते हैं कि क्या उन्हें कभी किसी पर क्रश हुआ है या हर किसी को बस उन पर ही क्रश होता है. इसका जवाब देते हुए मल्लिका शेरावत ने कहा, "सबको मुझ पर ही क्रश होता है. आजकल टॉम क्रूज को भी है. मैं झूठ नहीं बोल रही, अगर मेरे पास फोन होता तो मैं उनके वीडियो दिखाती."
इसपर आगे कुल्लू और अभिषेक मल्हान पूछते हैं, "वो किस तरह के वीडियो भेज रहे हैं? क्या वो स्नैप्स भेज रहे हैं?" मल्लिका जवाब देती हैं, "नहीं, जब हम साथ में पार्टी कर रहे थे तब के वीडियो. वो बहुत शानदार हैं."
मल्लिका का ये वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया है. लोग इसपर अलग-अलग तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा, ‘सुनने में मजेदार लग रहा है, लेकिन वह सच कह रही हैं.' वहीं एक दूसरे ने कमेंट किया, ‘लोल, क्या मजाक है.’ एक तीसरे ने लिखा कि उन्हें ‘उर्वशी रौतेला सिंड्रोम’ है. वहीं कई फैंस ने मल्लिका का बचाव भी किया. एक ने लिखा, ‘मैं उनकी बात पर विश्वास कर सकता हूं, वो असली हैं.’
क्या है 'द ट्रेटर्स'?
बात करें रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' की तो इसका दूसरा सीजन 13 अगस्त से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा. इसमें कंटेस्टेंट्स एक साथ रहते हैं और उन्हें चुपके से 'ट्रेटर्स' (धोखेबाज) और 'इनोसेंट्स' (बेगुनाह) में बांटा जाता है. 'द ट्रेटर्स' में ट्रेटर्स को अपनी पहचान छिपाते हुए दूसरे कंटेस्टेंट्स को गेम से बाहर करना होता है, जबकि इनोसेंट लोग अपनी चालों, धोखे और गठजोड़ के जरिए उनकी पहचान का पता लगाने की कोशिश करते हैं. इस शो में दिमाग से खेलने वाले शानदार टास्क शामिल होते हैं. इसके पहले सीजन की विनर उर्फी जावेद और निकिता लूथर थीं.
'द ट्रेटर्स' सीजन 2 के कंटेस्टेंट्स
'द ट्रेटर्स' के दूसरे सीजन के साथ करण जौहर बतौर होस्ट एक बार फिर वापसी कर रहे हैं. दूसरे सीजन में 21 कंटेस्टेंट्स शामिल हो रहे हैं. कन्फर्म कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में मल्लिका शेरावत, मुनव्वर फारुकी, श्वेता तिवारी, रिया चक्रवर्ती, अभिषेक मल्हान, क्रिस्टल डिसूजा, पारुल गुलाटी, दलीप ताहिल, शाहनील गिल, शालिनी पासी, रणवीर बरार, आदित्य कुलश्रेष्ठ, हरमन बावेजा, प्रिश, रिदा थराना, सौंदस मौफकिर और रैपर इक्का शामिल हैं.