बॉलीवुड की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' पार्टीशन पर बनी मूवी इन दिनों दर्शकों से खूब प्यार बटोर रही है, फिल्म के किरदार और उनकी दमदार एक्टिंग के लोग दीवाने हो गए हैं. इन किरदारों में एक दिलजीत दोसांझ का भी रोल है, जिसे दर्शकों से भरपूर प्यार मिला, वहीं इस बीच सिंगर और एक्टर दिलजीत ने अपने पुराने दिनों को यादकर अतीत के ऐसे पन्ने खोले जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया. जिसमें संघर्ष, दर्द और मेहनत की साफ झलक दिखाई दी.
गरीबी में बीता बचपन
दुनियाभर में अपने कॉन्सर्ट्स से लाखों दिल जीतने वाले दिलजीत दोसांझ ने बताया कि उनका बचपन बेहद गरीबी में बीता और कई बार परिवार के पास इलाज तक के लिए पैसे नहीं होते थे. दिलजीत की ये बातें सुनकर उनके फैंस भी हैरान रह गए.
दिलजीत का छलका दर्द
एक इंटरव्यू में दिलजीत ने कहा कि बचपन की मुश्किलों ने ही उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने की ताकत दी. उन्होंने बताया कि जब साल 2002 में उनका पहला म्यूजिक एल्बम रिलीज हुआ, तब उन्हें एहसास हुआ कि सिर्फ एल्बम से अच्छी कमाई करना आसान नहीं है. ऐसे में लाइव परफॉर्मेंस उनके लिए आय का सबसे बड़ा जरिया बन गई.
कैसे बनाया करियर?
दिलजीत ने बताया कि शुरुआत में उन्हें बर्थडे पार्टी और शादियों में गाना ज्यादा पसंद नहीं था. हालांकि कॉन्ट्रैक्ट की वजह से उन्हें ऐसे शो करने पड़े. धीरे-धीरे उन्होंने समझा कि यही छोटे-छोटे कार्यक्रम उनके सपनों को पूरा करने का रास्ता बन सकते हैं.
गरीबी के दिनों को किया याद
उन्होंने कहा, 'मैंने कभी किसी ऑफर को मना नहीं किया. कोई 5 हजार रुपये देता था, कोई 10 हजार या 15 हजार, मैं हर जगह गाने के लिए तैयार हो जाता था. दिन-रात लगातार परफॉर्म करता था, क्योंकि मुझे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बदलनी थी.'
कैसे मिली सफलता?
दिलजीत ने यह भी बताया कि उनके लिए पैसा कमाना सिर्फ सफलता हासिल करना नहीं था, बल्कि बचपन की गरीबी से बाहर निकलने की जरूरत थी. उन्होंने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, 'हम इतने गरीब थे कि अगर घर में कोई बीमार पड़ जाता, तो डॉक्टर के पास ले जाने के लिए भी पैसे नहीं होते थे.'
शादियों-पार्टियों में करते थे परफॉर्म!
हालांकि, समय के साथ उन्होंने शादियों में परफॉर्म करना बंद कर दिया. इसकी वजह बताते हुए दिलजीत ने कहा कि पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कुछ सीनियर कलाकार ऐसे शोज को कमतर मानते थे. इसके बाद उन्होंने फैसला किया कि अब वह अपने बड़े कॉन्सर्ट्स और म्यूजिक टूर पर ही ध्यान देंगे.
वर्कफ्रंट पर दिलजीत
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत हाल ही में फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' में नजर आए. इस फिल्म में उनके साथ नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शारवरी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए. फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. दिलजीत की सफलता की यह कहानी साबित करती है कि मेहनत, धैर्य और लगन के दम पर मुश्किल हालात भी बदले जा सकते हैं.