सिनेमा और मनोरंजन की दुनिया से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. कॉमेडी फिल्मों के मशहूर और लोकप्रिय अभिनेता का अचानक निधन हो गया है. 75 वर्ष की उम्र में स्विमिंग पूल में अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्होंने अंतिम सांस ली. 70 और 80 के दशक में अपनी शानदार कॉमिक टाइमिंग और बेमिसाल अभिनय से लाखों दिलों पर राज करने वाले इस दिग्गज कलाकार के जाने से इटली समेत दुनिया भर के सिनेमा प्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है.

स्विमिंग पूल में बिगड़ी अचानक तबीयत

इटैलियन सिनेमा के जाने-माने हास्य अभिनेता लूसियो मोंटानारो (Lucio Montanaro) का 13 अगस्त को उनके जन्मस्थान मार्टिना फ्रांका में निधन हो गया. 75 वर्षीय अभिनेता जब स्विमिंग पूल में मौजूद थे, तब अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. तत्काल चिकित्सकीय सहायता मिलने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.

---विज्ञापन---

40 से अधिक फिल्मों में किया काम

22 जून 1951 को जन्मे लूसियो मोंटानारो इटैलियन कॉमेडी सिनेमा का एक बड़ा चेहरा थे. अपने लंबे और सफल करियर में उन्होंने 40 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया. 70 और 80 के दशक की मशहूर इटैलियन सेक्स-कॉमेडी फिल्मों में उनके निभाए किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया.

नामी सितारों संग शेयर की स्क्रीन

अपने दौर में उन्होंने लीनो बानफी (Lino Banfi) जैसे दिग्गज कॉमेडियन्स के साथ मिलकर कई यादगार फिल्में दीं. इसके अलावा उन्होंने अल्वारे विताली, एडविज फेनेक, रेंजो मोंटागनानी और पिप्पो फ्रेंको जैसे बड़े कलाकारों के साथ भी स्क्रीन शेयर की.

---विज्ञापन---

इस फिल्म में दिखे थे आखिरी बार

मोंटानारो को बड़े पर्दे पर आखिरी बार निर्देशक सर्जियो मार्टिनो की लोकप्रिय फिल्म 'ल एलेनातोरे नेल पालोने 2' (L'allenatore nel pallone 2) में देखा गया था. इस फिल्म में भी उनके अभिनय और कॉमिक टाइमिंग की काफी तारीफ हुई थी.

शहर के मेयर ने दी श्रद्धांजलि

उनके निधन के बाद मार्टिना फ्रांका शहर के मेयर जियानफ्रांको पाल्मिसानो (Gianfranco Palmisano) ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश शेयर किया. उन्होंने लूसियो को एक शानदार इंसान, बेहतरीन कॉमेडियन और शहर का गौरव बताया. स्थानीय लोग और फैंस सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं.

---विज्ञापन---