पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के जंतर मंतर पर सीजेपी (CJP) यानी कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में और NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग जंतर मंतर से संसद तक मार्च निकालने के लिए पहुंचे. हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस मौके पर मौजूद थी. आरोप है कि मार्च शुरू होते ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया. इस घटना पर टीवी अभिनेत्री कविता कौशिक ने वीडियो शेयर कर अपनी नाराजगी जाहिर की.
कविता कौशिक ने वीडियो शेयर प्रोटेस्ट पर कही बात
कविता कौशिक ने वीडियो शेयर करते हुए प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर अपना रिएक्शन दिया है. उन्होंने कहा, "दिल्ली पुलिस, आप लोगों से एक अपील करनी थी. आप लोगों के भी परिवार होंगे—मां-बाप, बच्चे, भाई-बहन और रिश्तेदार। भगवान न करे कि कभी उन्हें मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़े और किसी फर्जी डॉक्टर के बजाय एक योग्य डॉक्टर ही उनकी जान बचाए.. यही वजह है कि ये बच्चे प्रदर्शन कर रहे हैं. जो भी हो, मेरे देश के बच्चों और नागरिकों पर हाथ मत उठाइए। उन्हें चोट मत पहुंचाइए। बस इतनी ही अपील है."
कविता ने की ये रिक्वेस्ट
उन्होंने आगे कहा, "अपनी ताकत का प्रदर्शन इनके सामने मत कीजिए. आदेश चाहे जो भी हो, आपका भी एक मन, दिमाग और अंतरात्मा है. उसी की आवाज सुनिए। मेरे देश के बच्चों पर हाथ मत उठाइए. बस यही अपील है. धन्यवाद."
संसद तक मार्च की नहीं मिली अनुमति
गौरतलब है कि सोमवार को संसद के मानसून सत्र का पहला दिन था. वहीं, जंतर मंतर से संसद तक मार्च निकालने की अनुमति पुलिस ने नहीं दी थी. इस संबंध में दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू है. इसलिए विरोध प्रदर्शन को केवल जंतर मंतर तक सीमित रखा गया है. मार्च शुरू होते ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया. इसके अलावा जंतर मंतर पर भारी संख्या में पुलिस बल और वाटर कैनन भी तैनात किए गए. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कुछ मेट्रो स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया.
यह भी पढ़ें- ‘रियल हाउसवाइव्स’ फेम एक्ट्रेस जीना किओ को हुआ कैंसर, बेटी ने क्राउडफंडिंग के जरिए की मदद की अपील