Belraj Kalarickal found dead: साउथ इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है. मलयालम सिनेमा के युवा निर्देशक बेलराज कलारिकल शनिवार 17 अक्टूबर को कोच्चि के एक होटल के कमरे में मृत पाए गए. बेलराज मात्र 27 वर्ष के थे. हाल ही में मलयालम सीरीज 'कापी स्क्वाड' रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा. यूं अचानक बेलराज के निधन ने पूरी मलयालम फिल्म इंडस्ट्री को हैरान कर दिया है.

बेलराज कलारिकल का निधन

रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि बेलराज को हार्ट अटैक हैं, लेकिन उनकी मौत के सही कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बेलराज के निधन मलयालम इंडस्ट्री में शोक की लहार दौड़ गई है. उनके निधन की खबर आने के बाद जियोहॉटस्टार ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है. जियोहॉटस्टार मलयालम ने एक पोस्ट के जरिए लिखा, 'कुछ विदाई बहुत जल्दी आ जाती हैं. भगवान आपकी आत्मा को शांति दे, बेलराज कलारिकल.' बता दें हाल ही में आई बेलराज की सीरीज 'कापी स्क्वाड' यहीं स्ट्रीम हो रही है.

बेलराज का करियर

बता दें बेलराज 'फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज' के संस्थापक सदस्यों में से एक थे. ये प्रोडक्शन हाउस 'ओट्टामुरी वेलिचम' जैसी पुरस्कार विजेता फीचर फिल्म और 'केरल क्राइम फाइल्स' जैसी वेब सीरीज से जुड़ा रहा है. डायरेक्शन के फिल्ड में आने से पहले, बेलराज ने 'निझल', 'मधुरम' और 'दाकिनी' जैसी फिल्मों में असिस्टेंट के रूप में काम किया था, जहां उन्होंने निर्देशक की बारीकी सीखी.

एक्टर राहुल रिजी ने दी श्रद्धांजलि

फिल्म प्रोड्यूसर और एक्टर राहुल रिजी नायर ने बेलराज के निधन पर शोक व्यक्त किया. अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट करते हुए राहुल रिजी नायर ने लिखा, 'भारी मन और गहरे दुख के साथ, हम अपने प्यारे भाई और मार्गदर्शक, 'कापी स्क्वाड' के निर्देशक बेलराज कलारिकल के निधन की दुखद खबर साझा कर रहे हैं. 'फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज' के संस्थापक सदस्यों में से एक होने के नाते, बेलराज न केवल एक दूरदर्शी फिल्म निर्माता और हमारी क्रिएटिव टीम की जान थे, बल्कि वे हमारे अपने थे. फिल्म निर्माण के प्रति उनका समर्पण और उनका असीम जुनून न केवल हमारे काम को, बल्कि हमारे व्यक्तित्व को भी आकार देता था। उनके बिना, 'फर्स्ट प्रिंट स्टूडियोज' हमेशा अधूरा रहेगा.'