मनोरंजन जगत की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. थिएटर, ब्रॉडवे, टेलीविजन और हॉलीवुड फिल्मों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले दिग्गज अभिनेता का निधन हो गया है. 94 वर्ष की आयु में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. अपने लंबे और सफल अभिनय करियर के दौरान उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए, जिन्हें आज भी सराहा जाता है. उनके चले जाने से कला और मनोरंजन की दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है. फैंस और तमाम हस्तियां सोशल मीडिया पर उन्हें याद कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रही हैं.

94 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

फिल्म, टीवी और थिएटर के जाने-माने अमेरिकी अभिनेता जॉन सायफर (Jon Cypher) का 94 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्होंने अपने करियर में ब्रॉडवे नाटकों से लेकर सुपरहिट टीवी शोज और हॉलीवुड फिल्मों तक में अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरा था.

---विज्ञापन---

डेब्यू के साथ ही बनाई खास पहचान

जॉन सायफर ने अपने टीवी करियर की शुरुआत साल 1957 में मशहूर म्यूजिकल शो 'सिंड्रेला' (Cinderella) से की थी, जिसमें उन्होंने प्रिंस क्रिस्टोफर का किरदार निभाया था. इस शो में उनके साथ प्रसिद्ध अभिनेत्री जूली एंड्रयूज नजर आई थीं, जिसके बाद जॉन रातों-रात लोकप्रिय हो गए थे.

ब्रॉडवे और थिएटर के रहे बादशाह

जॉन सायफर ने ब्रॉडवे और थिएटर की दुनिया में सालों तक राज किया. उन्होंने 'मैन ऑफ ला मांचा', 'द नाइट ऑफ द इगुआना', '1776' और 'इविटा' जैसे कई प्रतिष्ठित नाटकों में मुख्य भूमिकाएं निभाईं. नाटक '1776' में थॉमस जेफरसन के किरदार के लिए उनकी काफी तारीफ हुई थी.

---विज्ञापन---

टेलीविजन के लोकप्रिय शोज में किया काम

टेलीविजन पर उन्हें सबसे ज्यादा पहचान हिट शो 'हिल स्ट्रीट ब्लूज' (Hill Street Blues) से मिली, जिसमें उन्होंने चीफ फ्लेचर डेनियल्स का किरदार निभाया था. इसके अलावा उन्होंने 'मेजर डैड' (Major Dad) शो में 69 एपिसोड्स तक ब्रिगेडियर जनरल का रोल निभाया और 'बैटमैन बियोंड' में अपनी आवाज भी दी.

हॉलीवुड फिल्मों में निभाया खलनायक का किरदार

फिल्मों की बात करें तो जॉन सायफर ने साल 1971 की फिल्म 'वाल्डेज इज कमिंग' (Valdez Is Coming) से डेब्यू किया था, जिसमें वह विलेन के रोल में दिखे थे. इसके अलावा उन्होंने प्रसिद्ध हॉलीवुड फिल्म 'मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स' (Masters of the Universe) में मैन-एट-आर्म्स का यादगार किरदार निभाया था.

---विज्ञापन---