Race 4: अपकमिंग फिल्म रेस इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है. हाल ही में खबरें आई थीं कि इस फिल्म में बॉलीवुड स्टार आमिर खान की एंट्री होने वाली थी. इसके साथ ही ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ के डायरेक्टर विजय कृष्ण आचार्य के फिल्म का निर्देशन करने की भी चर्चा थी. हालांकि, अब ‘रेस’ फ्रेंचाइजी के मेकर्स ने इन अफवाहों से पर्दा उठा दिया है.
‘रेस 4’ की कास्ट को लेकर क्या बोले प्रोड्यूसर रमेश तौरानी?
प्रोड्यूसर रमेश तौरानी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ये साफ किया है कि अभी कास्टिंग को लेकर कोई भी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. रमेश तौरानी ने अपनी पोस्ट में कहा, ‘हम ये साफ करना चाहते हैं कि ‘रेस 4’ की कास्ट अभी तक फाइनल नहीं हुई है. हम मीडिया और सोशल मीडिया पेजों से अनुरोध करते हैं कि वो कास्ट को लेकर किसी भी तरह की अटकलें लगाने और किसी भी अपुष्ट या झूठी खबर को शेयर करने से बचें. जैसे ही कास्ट फाइनल होगी, हम अपनी तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा करेंगे.’
रेस 4 में होगी आमिर खान की एंट्री?
इसी के साथ मेकर्स ने अब फिल्म में आमिर खान की एंट्री पर भी ब्रेक लगा दिया है. फिल्म में आमिर खान के शामिल होने की खबर पर मेकर्स की तरफ से कोई पुष्टि नहीं हुई है. पहले चर्चा थी कि आमिर इस फिल्म का हिस्सा बनने जा रहे हैं. ‘रेस 4’ की कास्ट को लेकर अबतक तरह-तरह की खबरें सामने आ चुकी हैं. इस साल जनवरी में भी खबरें आई थीं कि अक्षय खन्ना फिल्म में वापसी कर सकते हैं. उस समय रमेश तौरानी ने इन बातों को भी सिरे से खारिज किया था. हाल ही में आई रिपोर्ट्स में भी दावा किया गया कि ‘रेस 4’ के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और टाइगर श्रॉफ भी साथ आएंगे. हालांकि, इन दोनों के नाम को लेकर भी मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.