Hanuman Ansh: देशभर में नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' की चर्चा हो रही है. बॉक्‍स ऑफिस पर ये फिल्म सरप्राइज ब्लॉकबस्टर साबित हुई है. मात्र 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्‍म ने 37 दिन में ₹192.13 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर 9506.5% का मुनाफा कमा लिया है और लगातार बॉक्स ऑफिस पर बनी हुई है. हाल ही में 11 सितंबर को फिल्म विदेशों में भी रिलीज हुई है. देश-दुनिया में इसकी कहानी और कास्ट को खूब सराहा जा रहा है, लेकिन निराशा कि खबर ये है कि 'हनुमान अंश' Oscars नॉम‍िनेशन के लिए भेजे जाने से चूक गई है. हाल ही में मेकर्स ने इसे लेकर खुलासा किया है. फिल्म की प्रोड्यूसर ने बताया कि इसके लिए डेडलाइन समाप्‍त हो चुकी है.

ऑस्कर जाने से चूकी हनुमान अंश

बाबा नीम करोली के जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर नम्रता ने 'बॉलीवुड हंगामा' से बातचीत में बताया कि टीम ऑस्कर में 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फ‍िल्म' कैटेगरी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर सबमिट करने की डेडलाइन से चूक गई. उन्‍होंने कहा, 'हमारी टीम बहुत छोटी है. हम अभी डब वर्जन में रिलीज की तैयारियों में जुटे हैं और इस कारण डेडलाइन मिस हो गई.'

---विज्ञापन---

सबमिशन की डेडलाइन हो गई मिस

प्रोड्यूसर नम्रता सिंह से इस बातचीत के दौरान पूछा गया कि क्या 'हनुमान अंश' को तमिल, मलयालम और कन्नड़ में भी डब किया जाएगा, तो उन्होंने कहा कि फ‍िलहाल टीम की योजना सिर्फ तेलुगू की है. नम्रता ने बताया, 'हमने इसे सिर्फ तेलुगू में डब किया है. मुझे बस समय ही नहीं मिल रहा है! हमने 7 सितंबर को ऑस्कर सबमिशन की डेडलाइन मिस कर दी, क्योंकि वह आखिरी दिन था. हमें हजारों लोगों के फोन आए कि आपने फ‍िल्म सबमिट नहीं की. लेकिन हमें इसके बारे में पता नहीं था. हम बहुत सारे कामों में व्यस्त हैं. साथ ही, हमारी टीम बहुत छोटी है.'

'हनुमान अंश' के कॉमिक बुक और गेम पर चल रहा काम

इंटरव्यू में नम्रता सिंह ने बताया कि 'हनुमान अंश' को तेलुगू में डब किया जा रहा है. मशहूर फ‍िल्ममेकर त्रिविक्रम श्रीनिवास इस प्रोजेक्ट से जुड़े हैं. 11 सितंबर को फिल्म को ओवरसीज रिलीज किया गया है. वहीं अब तेलुगू वर्जन 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है. इसके साथ ही नम्रता सिंह ने बताया कि उनकी टीम ‘FAU-G’ बनाने वाली कंपनी के साथ मिलकर एक वीडियो गेम बना रही है. एक कॉमिक बुक पर भी काम चल रहा है. इंटरव्यू में उन्‍होंने कहा, 'हम एक गेम भी बना रहे हैं. इसे उसी कंपनी ने बनाया है जिसने FAU-G बनाया था. हम एक कॉमिक बुक पर भी काम कर रहे हैं, जिसके लिए हम देश के सबसे बड़े कॉमिक बुक पब्लिशर्स में से एक से बात कर रहे हैं.'

---विज्ञापन---