Hanuman Ansh: महज 2 करोड़ के बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' की कमाई ने सबको चौंका दिया है. पहले दो हफ्ते फ्लॉप रही इस फिल्म ने तीसरे हफ्ते ऐसा कमाल किया अब ये साल 2026 की सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वाली फिल्म बन गई है. फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन 90 करोड़ के पार पहुंच गया है. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म का जादूई कलेक्शन अब हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है. हर रोज एक नया इतिहास रच रही है. कमाई के मामले में 'हनुमान अंश' बॉक्स ऑफिस पर सुपरस्टार यश की 'टॉक्सिक' को भी जबरदस्त टक्कर दे रही है. इसी बीच फिल्म की अपार लिकप्रियता देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घोषणा की है कि 'हनुमान अंश' को राज्य में टैक्स-फ्री किया जाएगा. सीएम धामी ने शुक्रवार को अपनी पत्नी गीता धामी और कैबिनेट सहयोगियों और कई विधायकों के साथ देहरादून के एक सिनेमाघर में ये फिल्म देखने के बाद ये ऐलान किया है.
सीएम धामी ने की 'हनुमान अंश' की तारीफ
सीएम धामी ने X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए 'हनुमान अंश' की जमकर तारीफ की और इसे उन फिल्मों में से एक बताया जो देश-दुनिया में राज्य की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को दिखाने में अहम भूमिका निभाती हैं. अपने पोस्ट में सीएम ने लिखा- 'हनुमान अंश के जरिए हमें नीम करौली बाबा की तपस्या, त्याग, सेवा और बजरंगबली हनुमान पर उनकी अटूट आस्था को जानने और समझने का मौका मिला है. नीम करौली बाबा का पूरा जीनव मानवता की सेवा, समाज कल्याण और आध्यात्मिक सेवा के लिए समर्पित था.'
सीएम धामी ने 'हनुमान अंश' की पूरी टीम को दी बधाई
आगे सीएम धामी ने कहा- 'बाबा नीब करौरी महाराज जी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि भक्ति केवल साधना नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानव कल्याण का मार्ग भी है. ऐसी प्रेरणादायी फिल्में हमारी आध्यात्मिक विरासत और महान संतों के जीवन-दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. इस प्रेरणादायी एवं आध्यात्मिक फिल्म के निर्माण से जुड़े निर्देशक, निर्माता, सभी कलाकारों एवं पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं.
अंतरराष्ट्रीय रिलीज के लिए तैयार ‘हनुमान अंश’
‘हनुमान अंश’ की लोकप्रियता को देखते हुए अब मेकर्स ने इसकी कहानी भारत से बाहर ले जाने की प्लानिंग कर ली है. फिल्म को 11 सितंबर से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में रिलीज करने की तैयारी है और विदेशों में इसके डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी Hombale Films संभाल रही है. एक छोटे बजट के लिए दर्शकों का इतना प्यार मिला किसी चमत्कार से कम नहीं. दर्शकों के 'वर्ड ऑफ माउथ' से पॉपुलर हुई ये फिल्म अब अंतरराष्ट्रीय रिलीज तक पहुंच गई है.