Gucci Singer Aroob Khan: सोशल मीडिया पर इन दिनों अरूब खान का 2020 का गाना 'गुच्ची' खूब ट्रेंड कर रहा है. रवि किशन की वायरल वीडियोज की वजह से इस गाने को एक बार फिर से जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिल रही है. इस गाने पर लगातार रवि किशन की तरह-तरह की वीडियोज वायरल हो रही हैं. ऐसे में इस गाने की सिंगर ने इसपर अपनी बात रखी और रवि किशन के साथ इसके जुड़ाव के बारे में भी बात किया है. सिंगर अरूब ने भविष्य में भोजपुरी स्टार रवि किशन के साथ कोलैबोरेशन की भी इच्छा जताई है.
‘गुच्ची’ की सिंगर ने दी प्रतिक्रिया
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में अरूब खान ने कहा, “ये बिल्कुल अनएक्सपेक्टेड था. पहले जब ये शुरू हुआ, तो मेरे एक्सप्लोर पर अचानक वीडियो दिखने लगे, और मैंने सोचा, 'ठीक है, ठीक है.' और फिर अचानक ये हर जगह फैल गया. ये मेरे लिए एक झटके जैसा था, और मैं यह देखकर सचमुच हैरान रह गई कि ये पूरे इंटरनेट पर फैल गया है,”
इंटरव्यू में सिंगर ने बताया कि उनके दोस्त और परिवार वाले भी उन्हें रवि किशन की रील्स भेजने लगे. उन्होंने कहा कि ये सब उनके लिए काफी मजेदार और शॉकिंग एक्सपीरियंस था. अरूब ने कहा कि उनको बहुत खुशी हो रही है कि इतने साल बाद भी लोग और खासतौर पर Gen Z भी उनके गाने को पसंद कर रहे हैं और ट्रेंड में शामिल हो रहे हैं.
रवि किशन के साथ कोलेब करना चाहती हैं अरूब
इंटरव्यू के दौरान 6 साल पहले आए अपने गाने ‘गुच्ची’ के दोबारा वायरल होने के बाद अरूब खान अब रवि किशन के साथ कोलेबोरेशन करना चाहती हैं. उन्होंने कहा कि अच्छे म्यूजिक की कोई एक्सपायरी डेट नहीं होती. अगर गाना अच्छा है तो लोग कभी भी उससे जुड़ सकते हैं. अरूब ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम से रवि किशन से कॉन्टैक्ट करने के लिए भी कहा है. सिंगर के मुताबिक, रवि किशन ‘OG’ हैं और उन्होंने एक ट्रेंड सेट किया है.
सलमान खान के लिए गाना चाहती हैं अरूब खान
इंटरव्यू के दौरान अरूब खान ने अपने करियर को लेकर कहा कि वो आगे चलकर सलमान खान की किसी फिल्म से बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगिंग की शुरुआत करेंगी और सुनिधि चौहान के साथ भी काम करना चाहती हैं. सिंगर ने कहा, "मेरी इच्छा है कि मैं सलमान खान के लिए गा सकूं. मुझे उम्मीद है कि भविष्य में मुझे सुनिधि चौहान के साथ काम करने का मौका मिलेगा. वो मेरी प्रेरणा रही हैं. सलमान की फिल्म में सुनिधि के साथ काम करना बहुत अच्छा होगा."