Filmmaker Kuku Kohli dies at 77: दिग्गज फिल्ममेकर और बॉलीवुड एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के पति कुकू कोहली का मंगलवार को 77 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आखिरी सांस ली. कुकू कोहली को हार्ट अटैक आया था. फिल्ममेकर अशोक पंडित ने इसकी पुष्टि की है.
निर्देशक कुकू कोहली का निधन
कुकू कोहली वही निर्देशक हैं, जिन्होंने अजय देवगन को फिल्म फूल और कांटे से लॉन्च किया था. फिल्म फूल और कांटे कुकू कोहली की भी डायरेक्टर के तौर पर पहली फिल्म थी. ये फिल्म सुपरहिट रही थी. इसके बाद कुकू कोहली ने कोहराम, सुहाग, हकीकत और जुल्मी जैसी कई शानदार फिल्में बनाईं.
आया था हार्ट अटैक
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने कुकू कोहली के निधन की जानकारी देते हुए कहा, 'कुकू को कोई बीमारी नहीं थी. उन्हें हार्ट अटैक आया था. उससे पहले वे पूरी तरह स्वस्थ थे. कुकू IFTDA (इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन) के जनरल सेक्रेटरी भी थे.'
कुकू कोहली का परिवार
बता दें कुकू कोहली पॉपुलर एक्ट्रेस अरुणा ईरानी के पति हैं. अपनी पहली पत्नी रीटा कोहली से भी उनके दो बच्चे हैं, पूजा और करिश्मा. कुकू कोहली की बेटी पूजा कोहला प्रोड्यूसर हैं. वहीं करिश्मा ने 'एक था टाइगर' और 'बजरंगी भाईजान' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया और लगातार फिल्मी दुनिया से जुड़ी हुई हैं.
राज कपूर संग हुई करियर की शुरुआत
बात करें कुकू कोहली के करियर की तो उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म इंडस्ट्री में बतौर सहायक निर्देशक की थी. उन्होंने राज कपूर के साथ काम सीखा और ‘बॉबी', ‘प्रेम रोग' और ‘सत्यम शिवम सुंदरम' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे. इसके बाद कुकू कोहली ने बतौर सेकेंड यूनिट डायरेक्टर ‘बेताब' में भी काम किया. बता दें ‘बेताब' से सनी देओल और अमृता सिंह ने बतौर लीड कलाकार अपने करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद कुकू कोहली ने ‘फूल और कांटे' के जरिए अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट की. इस फिल्म से अजय देवगन ने भी अपना डेब्यू किया था.
कुकू कोहली ने दीं शानदार फिल्में
‘फूल और कांटे' की सफलता के बाद कुकू कोहली ने ‘कोहराम', ‘सुहाग' और ‘हकीकत' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. 1994 की ‘सुहाग' में अजय देवगन और अक्षय कुमार पहली बार साथ नजर आए थे. साल 1995 में आई ‘हकीकत' में अजय देवगन और तब्बू मुख्य भूमिकाओं में थे. इसके बाद कुकू कोहली ने ‘जुल्मी', ‘अनाड़ी नंबर 1', ‘ये दिल आशिकाना' और ‘वो तेरा नाम था' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया. साल 2002 में आई फिल्म ‘ये दिल आशिकाना' और 2004 में आई ‘वो तेरा नाम था' को भी कुकू कोहली ने डायरेक्ट किया था. हिंदी सिनेमा में उनके योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है.