फिल्म इंडस्ट्री से एक बार फिर सनसनीखेज और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. हिंदी सिनेमा की कई चर्चित फिल्मों का निर्देशन कर चुके एक नामी फिल्ममेकर को यौन शोषण के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार कर लिया गया है. 33 वर्षीय एक अभिनेत्री ने निर्देशक पर काम देने के बहाने घर बुलाकर दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना का केस दर्ज कराया है. शिकायत मिलने के बाद हरकत में आई मुंबई की मालवानी पुलिस ने आरोपी निर्देशक को तुरंत हिरासत में ले लिया. अदालत में पेशी के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
मशहूर निर्देशक पर लगा दुष्कर्म का आरोप
हिंदी सिनेमा की कई जानी-मानी फिल्मों के लेखक और निर्देशक शकील नूरानी (Shakeel Noorani) को मुंबई की मालवानी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. 73 वर्षीय निर्देशक पर 33 साल की एक अभिनेत्री ने यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म की गंभीर शिकायत दर्ज कराई है.
फिल्म प्रोजेक्ट के बहाने बुलाने का आरोप
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, निर्देशक ने अपनी एक नई फिल्म के प्रोजेक्ट पर चर्चा करने के बहाने अभिनेत्री को मालवणी स्थित अपने घर पर बुलाया था. आरोप है कि वहाँ उन्हें कोई नशीला पदार्थ दिया गया और कथित तौर पर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें धमकाया भी गया.
12 अगस्त तक पुलिस कस्टडी में
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने शकील नूरानी को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया, जहाँ से अदालत ने उन्हें 12 अगस्त तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
गोविंदा और ट्विंकल संग बनाई थी फिल्म
शकील नूरानी बॉलीवुड के एक जाने-माने निर्माता और निर्देशक रहे हैं. उन्होंने साल 2000 में आई गोविंदा और ट्विंकल खन्ना स्टारर हिट फिल्म 'जोरू का गुलाम' (Joru Ka Ghulam) का निर्देशन किया था. इसके अलावा उन्होंने 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'बड़े दिलवाला' (Bade Dilwala) का लेखन और निर्माण भी किया था.
1991 में शुरू किया था सिनेमाई सफर
उन्होंने साल 1991 में आई फिल्म 'विष्णु देवा' (Vishnu Deva) से फिल्म इंडस्ट्री में अपना सफर शुरू किया था. इसके बाद 2005 में उन्होंने 'तेजाब: द एसिड ऑफ लव' नाम की फिल्म भी बनाई थी. फिलहाल इस पूरे मामले की मुंबई पुलिस गहराई से जांच कर रही है.