Kajal Raghwani: भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी की कार पर अचानक हमला हो गया. दरअसल एक्ट्रेस बिहार शरीफ में एक ज्वेलरी शोरूम के उद्घाटन में पहुंची थीं. इस दौरान शोरूम के बाहर उन्हें देखने के लिए भीड़ जमा हो गई, जो बाद में बेकाबू हो गई. जाते वक्त बड़ी संख्या में लोगों ने काजल की कार का पीछा किया और रिपोर्ट्स के मुताबिक, भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि लोगों ने एक कार का शीशा तक तोड़ दिया. बाद में एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बताया कि वह बिल्कुल ठीक हैं.

काजल राघवानी की कार पर हुआ हमला

भोजपुरी एक्ट्रेस काजल राघवानी शोरूम के उद्घाटन के लिए बिहार पहुंचीं, तो उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकठ्ठा हो गए. कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि लोगों ने एक कार का शीशा तक तोड़ दिया. लोगों को लगा कि काजल उस कार के अंदर हैं. ऐसे में एक्ट्रेस की टोयोटा फॉर्च्यूनर कार के शीशे तोड़ दिए गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ये भी देखने को मिला कि भीड़ के बीच से कार निकालने की कोशिश की गई और लोग कार के पीछे दौड़ते दिखे.

---विज्ञापन---

अब कैसी है एक्ट्रेस की हालत?

बता दें कि काजल को कार्यक्रम स्थल से बाहर ले जाते समय यह पूरा हंगामा हुआ. बढ़ती भीड़ को देखते हुए शोरूम संचालक ने काजल को चुपचाप वहां से निकलने में मदद की. उन्हें ड्राइवर पीछे वाले गेट से बाहर लाया गया, जिसके बाद गाड़ी तेजी से वहां से निकल गई. इसे लेकर बाद में काजल राघवानी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर अपने फैंस को बताया कि वह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं लगी है. उन्होंने अपने फैंस का शुक्रिया भी अदा किया और आगे भी इसी तरह प्यार और सपोर्ट बनाए रखने की अपील की.

इस मामले में पुलिस ने कहा कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी और आयोजकों को नोटिस जारी किया जाएगा. हालांकि, शोरूम संचालक ने इस दावे को खारिज किया. उनका कहना था कि कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रशासन को एक पत्र के जरिए दी गई थी और 17 सितंबर को अनुमति के लिए आवेदन भी जमा किया गया था.

---विज्ञापन---

'राइज एंड फॉल 2' में नजर आएंगी काजल राघवानी

भोजपुरी से पहले काजल राघवानी ने गुजराती फिल्मों में काम किया. भोजपुरी सिनेमा में एक्ट्रेस ने साल 2013 में आई फिल्म 'रिहाई' से कदम रखा. काजल अब तक भोजपुरी की 50 से ज्यादा फिल्मों में नजर आ चुकी हैं. हाल ही में वो रियलिटी शो 'भोजपुरी बवाल' में नाजा आई थीं और जल्द ही 'राइज एंड फॉल 2' में नजर आएंगी.