Kiran Rao: फिल्ममेकर और आमिर खान की एक्स वाइफ किरण राव ने हाल ही में आज के रिश्तों पर बात की है. उन्होंने कहा कि आजकल के बच्चे पुरानी जेनरेशन के मुकाबले रोमांटिक रिलेशन को अपने हिसाब से जीते हैं, जो बिलकुल सही है. 'लस्ट स्टोरीज 3' के प्रमोशन के दौरान हुई बातचीत में किरण राव ने कहा कि युवा पीढ़ी में बेझिझक रहने का भाव है. आज की पीढ़ी शादी से पहले शारीरिक संबंध बनाने को लेकर आजाद है और अपनी जिंदगी अपने हिसाब से जीती है.
मंच पर किरण राव से पूछा गया, 'किरण, आपकी कहानी में वे युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, प्यार के रिश्तों के मामले में थोड़े 'फ्रिवोलस' (हल्के-फुल्के या गैर-गंभीर) होते हैं. आप उन्हें कैसे देखती हैं? और आप उनके रिश्ते को कैसे दिखाती हैं? जब आप इसे एक डायरेक्टर के नजरिए से और एक आम इंसान के नजरिए से देखती हैं.'
नई पीढ़ी को लेकर क्या बोलीं किरण राव?
IANS से बात करते हुए किरण ने कहा कि इसके लिए 'फ्रिवोलस' (गैर-गंभीर) शब्द के बजाय 'आजाद' (free) शब्द का इस्तेमाल करना बेहतर समझती हैं. उन्होंब आगे कहा कि पहले लोगों से एक खास तरह के रिश्ते में रहने की उम्मीद की जाती थी, लेकिन आज ऐसा नहीं है. IANS से किरण राव ने कहा, 'मुझे आजादी का एहसास होता है. मेरी पीढ़ी के मुकाबले आज की युवा पीढ़ी में बेझिझक रहने का भाव है. मेरा मतलब है, दुनिया बदल गई है और खुद को जाहिर करने के तरीके भी बहुत अलग हैं, और हम इसी को समझना चाहते थे. दो युवा, जो किसी बंधन में नहीं हैं और एक-दूसरे की ओर आकर्षित हैं. इसके बाद क्या होगा? और जब वे कुछ फैसले लेते हैं तो कैसी-कैसी अनपेक्षित चीजें होती हैं.'
रिश्तों में आ रहे बदलावों पर किरण राव
रिश्तों में आ रहे बदलावों के बारे में बात करते हुए किरण राव ने कहा, 'लोग बिना शादी किए भी गहरे, मजबूत, भावनात्मक और शारीरिक रूप से संतोषजनक रिश्ते बनाते हैं. आज की दुनिया ऐसी ही है. हमने इसी दुनिया को ध्यान में रखकर ये कहानी बनाई है. और मुझे लगता है कि हम कुछ ऐसा चाहते थे जो आज की युवा पीढ़ी में मौजूद ताजगी और आजादी को दिखा सके.'