Amitabh Bachchan: दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन ने बुधवार को अपनी मां तेजी बच्चन को उनके जन्मदिन पर याद किया. बिग बी ने अपने नए ब्लॉग पर एक खास पोस्ट शेयर करते हुए अपनी मां को प्रेरणा, साहस और धैर्य की मिसाल बताया. 12 अगस्त को अपनी मां की जयंती पर अमिताभ बच्चन ने लिखा, "मां का जन्म दिवस! हमारी प्रेरणा, हमारा मनोबल!"
मां को लेकर भावुक हुए बिग बी
आगे बिग बी ने लिखा, "तस्वीर नहीं लगाएंगे! क्यूँकि, जिनकी छवि ह्रदय में सदा रही हो, उसे यहाँ कैसे अंकित किया जा सकता है!" बता दें कि बिग बी की मां तेजी बच्चन का जन्म 12 अगस्त 1914 को लायलपुर (अब पाकिस्तान) में एक पंजाबी सिख परिवार में हुआ था. उनका मूल नाम तेजवंत कौर सूरी था.
अमिताभ बच्चन की मां
अमिताभ बच्चन के जीवन में उनकी मां का अहम योगदान रहा. तेजी बच्चन ने 1941 में मशहूर हिंदी कवि हरिवंश राय बच्चन से शादी की थी और वे मशहूर कवि से जुड़े साहित्यिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी अपनी पहचान रखती थीं. वे एक थिएटर कलाकार भी थीं और उन्होंने कई स्टेज नाटकों में हिस्सा भी लिया था.
2007 में हुआ था निधन
बिग बी की मां तेजी बच्चन ने गायन और अभिनय का शौक था. उन्होंने शेक्सपियर के नाटक 'मैकबेथ' के हिंदी रूपांतरण में अभिनय भी किया था. तेजी बच्चन का निधन 21 दिसंबर 2007 को मुंबई में 93 साल की उम्र में हुआ था. उनका निधन उनके पोते अभिषेक बच्चन की बॉलीवुड सुपरस्टार ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ शादी के कुछ ही महीनों बाद हुआ था. बिग बी अक्सर अपनी मां और पिता जी को याद करते हैं.