Amitabh Bachchan: बॉलीवुड सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने हाल ही में सोशल मीडिया से ब्रेक लेने का ऐलान किया था, जिसने उनके फैंस को काफी मायूस कर दिया था. उन्हें 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर चोट आ गई थी. आमतौर पर अमिताभ बच्चन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं और खुद से जुड़ी अपडेट अपने फैंस के साथ शेयर करते रहते हैं. लेकिन, पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही है, जिसके चलते डॉक्टर्स ने उन्हें पूरी आराम की सलाह दी थी. इसके बारे में बिग बी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को जानकारी दी थी. वहीं अब एक्टर ने एक और पोस्ट शेयर किया है और कहा है कि उन्हें 'और आराम' की जरूरत है.

अभी और आराम की जरूरत है

सोशल साइट टंबलर (Tumblr) पर अपनी सेहत के बारे में अमिताभ बच्चन ने लिखा, 'अभी और आराम की जरूरत है… तालमेल बिठा रहा हूं और मानव शरीर और उसकी अनोखी खूबी के बारे में सोच-विचार कर रहा हूं.' इससे पहले बुधवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया था कि डॉक्टर्स ने उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट की सलाह दी है, ऐसे में वो फिलहाल कुछ भी लिख पाने की स्थिति में नहीं हैं.

आराम करते हुए नई चीजें सीख रहे हैं बिग बी

शनिवार, 24 अक्टूबर को बिग बी ने टम्बलर पर एक और ब्लॉग शेयर किया. इस नए ब्लॉग के जरिए उन्होंने बताया कि इन दिनों वो नई-नई चीजें सीख रहे हैं. बिग बी ने अंतरिक्ष, ग्रहों, तारों और ब्लैक होल की रहस्यमई दुनिया को लेकर अपनी दिलचस्पी जाहिर की है. ब्लॉग में अंतरिक्ष से जुड़ी जानकारी हासिल करने के अनुभव का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें विद्वान लोगों से काफी कुछ सीखने का मौका मिला. अंतरिक्ष, हमारे ग्रहों, तारों और ब्लैक होल से लेकर उससे भी आगे मौजूद रहस्यों के बारे में जानना उनके लिए बेहद दिलचस्प अनुभव रहा.

बिग बी ने पैपराजी और सोशल मीडिया यूजर्स पर कैसा तंज

बिग बी ने बताया कि उन्हें ब्रह्मांड से जुड़ी कुछ ऐसी जानकारियां भी मिली हैं, जिन्हें जानकर बाकी लोग भी हैरान हो सकते हैं. हालांकि उन्होंने फिलहाल इन जानकारियों का विस्तार से खुलासा नहीं किया. अमिताभ ने कहा कि अगर समय ने इजाजत दी तो वो इन दिलचस्प तथ्यों को अपने ब्लॉग के जरिए फैंस के साथ साझा करने की कोशिश करेंगे. अंत में अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में पैपराजी और सोशल मीडिया यूजर्स पर तंज कसा. उन्होंने लिखा कि फिलहाल वो किसी तरह का कोई खुलासा नहीं कर रहे हैं और वो पैपराजी को यहां से हेडलाइन लेने देंगे.