पॉपुलर सोप ओपेरा 'ऑल माई चिल्ड्रन' में लंबे समय तक काम कर चुके अभिनेता पॉल एवरी और उनकी पत्नी शीला एवरी का निधन हो गया है. दोनों की मौत उनके घर में लगी भीषण आग की चपेट में आने से हुई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दर्दनाक हादसा अमेरिका के न्यू जर्सी के ब्लेयरस्टाउन टाउनशिप स्थित उनके घर में हुआ. आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे, जहां पॉल और शीला एवरी बेहोशी की हालत में मिले. दोनों को बचाने की हर संभव कोशिश की गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दुखद घटना से उनके परिवार, प्रशंसकों और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है. पॉल एवरी ने लोकप्रिय सोप ओपेरा 'ऑल माई चिल्ड्रन' में अपने अभिनय से खास पहचान बनाई थी, वह और उनकी पत्नी शीला कई दशकों से साथ रह रहे थे. उनके निधन की खबर से मनोरंजन जगत सदमे में है.
आधी रात को लगी थी आग
मंगलवार, 16 जून, को स्थानीय समयानुसार रात करीब 1 बजे एवरी के घर में आग लगने की सूचना मिलने पर इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट किया गया. WFMZ और US Weekly की रिपोर्ट के मुताबिक, जब न्यू जर्सी स्टेट पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक घर पूरी तरह आग की लपटों में घिर चुका था. दमकलकर्मी जलते हुए घर के अंदर पहुंचे और वहां 81 वर्षीय पॉल एवरी तथा उनकी पत्नी शीला एवरी बेहोशी की हालत में मिले. मौके पर ही दोनों को तुरंत सीपीआर (CPR) दिया गया. हालांकि, Ridge View Echo की रिपोर्ट के अनुसार, तमाम कोशिशों के बावजूद कुछ ही देर बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया गया. अधिकारियों ने बताया है कि आग लगने की वजह का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है.
बेटी ने फेसबुक पोस्ट में जताया दुख
कपल की बेटी काइल एवरी ने एक सार्वजनिक फेसबुक पोस्ट के जरिए अपने माता-पिता के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने ब्लेयरस्टाउन फायर डिपार्टमेंट का उनकी कोशिशों और मदद के लिए धन्यवाद भी किया. काइल ने लिखा कि उनके माता-पिता बेहद प्यार करने वाले इंसान थे और उनका मजबूत रिश्ता आस-पास के हर व्यक्ति को साफ नजर आता था. उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम संस्कार की जानकारी बाद में साझा की जाएगी. परिवार ने इस कठिन समय में अपनी निजता का सम्मान करने की अपील की है.
12 साल तक निभाया था यादगार किरदार
पॉल एवरी 'ऑल माई चिल्ड्रन' में निभाए गए अपने किरदार के लिए काफी लोकप्रिय थे. वह 1980 के शुरुआती दशक में इस सोप ओपेरा से जुड़े और करीब 12 वर्षों तक फॉक्सीज़ बार के बारटेंडर ह्यूगी का किरदार निभाया, जो शो का अहम हिस्सा बन गया. सोप ओपेरा में पहचान बनाने से पहले पॉल एवरी 1978 की फिल्म 'सुपरमैन' में टीवी कैमरामैन की छोटी भूमिका में नजर आए थे. इसके अलावा उन्होंने 'Three's Company' और 'Soap' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में भी काम किया. अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने 300 से अधिक विज्ञापनों में भी काम किया है.
यह भी पढ़ें- Cocktail 2 Day 1 Box Office Prediction: शाहिद-कृति-रश्मिका की ‘कॉकटेल 2’ पहले दिन छापेगी इतने करोड़, सामने आए आंकड़े