Actress Manisha Koirala: नेपाल इस वक्त एक बहुत बड़ी त्रासदी से जूझ रहा है. बीते बुधवार को नेपाल के भोटेकोशी नदी से आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई, जिससे कई लोगों की जान चली गई कई लोग अब भी लापता हैं. इस आपदा ने पूरे नेपाल को झकझोर दिया है. इसका असर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ा है. इसी बीच एक्ट्रेस मनीषा कोइराला ने इस त्रासदी पर अपना दुख जताया और लोगों से गुजारिश की है कि इस मुश्किल वक्त में देश के प्रति समर्थन जताएं.
मनीषा कोइराला ने की खास अपील
बता दें मनीषा कोइराला नेपाली मूल की एक्ट्रेस हैं. बॉलीवुड में 90 के दशक में उन्होंने एक से बढ़कर एक शानदार फिल्मों में काम किया. नेटफ्लिक्स की पॉपुलर वेब सीरीज हीरामंडी में भी मनीषा नजर आई हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ने नेपाल बाढ़ की त्रासदी पर अपनी बात रखी और नेपाल में पर्यटन के लिए आने की अपील की.
नेपाल के लिए बोलीं मनीषा कोइराला?
दरअसल मनीषा कोइराला सद्गुरु द्वारा आयोजित एक विशेष सभा कार्यक्रम 'इन सॉलिडेरिटी विद नेपाल' में पहुंचीं. समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, मनीषा कोइराला ने सद्गुरु के कार्यक्रम में कहा, 'मैं पूरी इंटरनेशनल कम्युनिटी से गुजारिश करना चाहती हूं कि आपने नेपाल के प्रति बार-बार दया और प्यार दिखाया है. मैं प्रार्थना करती हूं कि आपका ये प्यार और सहयोग बना रहे'.
हमें टूरिज्म की जरूरत है
एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'एक देश के तौर पर, हमें लोगों के हमारे देश आने की जरूरत है. हमें टूरिज्म की जरूरत है. हम नहीं चाहते कि हमें सिर्फ एक ऐसे देश के तौर पर जाना जाए, जो आपदाओं से भरा हो या लगातार मुश्किलों का सामना कर रहा हो. हम अपने खूबसूरत मौसम, हिमालय, बेहतरीन लोगों, प्रकृति, संस्कृति और परंपराओं के लिए जाने जाना चाहते हैं'.
इस विषय पर बात करते हुए मनीषा ने आगे कहा, 'नेपाल बॉर्डर के पास एक आपदा आई है, लेकिन टूरिज्म हमारी जीवन-रेखा है. मैं इंटरनेशनल कम्युनिटी को प्रोत्साहित करती हूं कि वो एक बार फिर नेपाल की यात्रा करें'. मनीषा ने अपने पोस्ट में सदगुरु का भी आभार व्यक्त किया.