Kangana Ranaut on Rakhi Sawant: राखी सावंत अक्सर अपने बोल्ड अंदाज और बयानों को लेकर सुर्खियों में रहती हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान राखी ने बीजेपी सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत और स्मृति ईरानी के बारे में विवादित बातें कही थीं. इन्हीं बातों का जवाब देते हुए कंगना ने राखी को मुंहतोड़ जवाब दिया है. उन्होंने राखी को 'असफल और कड़वाहट से भरी' बताया और कहा कि उन जैसे लोग जलन और ईर्ष्या की वजह से सफल महिलाओं को निशाना बनाते हैं.
कंगना रनौत ने राखी सावंत को फटकारा
अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक नोट शेयर करते हुए कंगना रनौत ने लिखा, 'सिर्फ वही नहीं, बल्कि ज्यादातर असफल और कड़वाहट से भरे लोग अपनी जलन/ईर्ष्या, नाकामियों और अहंकार को संतुष्ट और सही ठहराने के लिए सफल महिलाओं के चरित्र पर कीचड़ उछालने में देर नहीं करते. लेकिन अब समय आ गया है कि हम ऐसे बार-बार होने वाले, जानबूझकर किए गए हमलों और सार्वजनिक रूप से चरित्र हनन का शिकार न बनें; हमें अपमानित और आहत महसूस करना बंद करना होगा और खुद को बार-बार सफाई देना भी बंद करना होगा.'
'स्वीपर की नौकरी नहीं मिली'
इसपर आगे बात करते हुए कंगना ने कहा, 'तो हां मेरे प्यारों!! आप भी सफलता के लिए सब कुछ करने को तैयार हैं, लेकिन पता है क्या!! दुर्भाग्य से किसी को आपसे कुछ नहीं चाहिए. याद रखिए, आपके सारे एहसानों को मिलाकर भी आपको स्वीपर की नौकरी नहीं मिली, उसके लिए भी कुछ काबिलियत और हुनर चाहिए होता है. तो निश्चिंत रहिए, एहसान करें या न करें, आप कहीं नहीं पहुंचने वाले; इसलिए बैठिए, मेरी रील्स देखिए और रोते रहिए.'
राखी ने की आपत्तिजनक टिप्पणी
बता दें हाल ही में राखी ने कंगना रनौत, स्मृति ईरानी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. कंगना और राखी के बीच पहले भी सार्वजनिक रूप से झगड़े हो चुके हैं. राखी ने दिल्ली में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन के वक्त भी कंगना पर टिप्पणी की थी और उन्हें गंदी जुबान वाली (gutter mouth) कहा था.