Toxic Worldwide Collection Day 4: कन्नड़ इंडस्ट्री के सुपरस्टार यश की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' रिलीज होने के बाद से ही अपनी कमाई को लेकर लगातार चर्चा में बनी हुई है. बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 101 करोड़ रुपये की कमाई करके फिल्म 'टॉक्सिक' ने सभी को हैरान कर दिया था. हालांकि, इसके बाद फिल्म की कमाई में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है. इसके बावजूद फिल्म ने महज 4 दिनों में वर्ल्डवाइड 250 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. चलिए आपको बताते हैं कि अब तक इस फिल्म ने कुल कितने करोड़ का कारोबार किया है.
चौथे दिन गिरी 'टॉक्सिक' की कमाई
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर चौथे दिन 9.9% की गिरावट के साथ 24.50 करोड़ रुपये की कमाई की है. फिल्म ने तीसरे दिन की तुलना में चौथे दिन 2.7 करोड़ रुपये कम कमाए. चौथे दिन फिल्म ने हिंदी में 15.50 करोड़ रुपये, तमिल में 75 लाख रुपये, तेलुगु में 1.50 करोड़ रुपये, कन्नड़ में 6.60 करोड़ रुपये और मलयालम में 15 लाख रुपये की कमाई की है. इसी के साथ फिल्म का भारत में अब तक का कुल नेट कलेक्शन 190.45 करोड़ रुपये हो गया है. देशभर में 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' के 17,612 शो हुए और इसकी कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी 24.3 प्रतिशत रही.
250 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
चौथे दिन 24.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यश, कियारा आडवाणी और नयनतारा की फिल्म 'टॉक्सिक' ने भारत में अब तक 190.45 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. इसके अलावा फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 227.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है. फिल्म 'टॉक्सिक' की कमाई में गिरावट के बावजूद इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 250 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. Sacnilk.com के अनुसार, फिल्म 'टॉक्सिक' ने दुनियाभर में अब तक 254.75 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है.