The Odyssey Box Office Collection Day 1: ऑस्कर अवॉर्ड विनर क्रिस्टोफर नोलन के निर्देशन में बनी फिल्म 'द ओडिसी' साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. आखिरकार, यह फिल्म 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई. फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. इतना ही नहीं, भारत में इसके टिकट 3,100 रुपये और 2,500 रुपये तक में बिक रहे हैं. साथ ही, फिल्म ने क्रिस्टोफर नोलन की 2023 में रिलीज हुई 'ओपेनहाइमर' के ओपनिंग डे कलेक्शन का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है. आइए फिल्म के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर एक नजर डालते हैं.
'द ओडिसी' ने ओपनिंग डे पर किया इतना कलेक्शन
दरअसल, हॉलीवुड के लोकप्रिय सितारों से सजी 'द ओडिसी' ने भारत में शानदार ओपनिंग की है. फिल्म ने पहले दिन 17.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 48.7 प्रतिशत रही और इसके 8,413 शो चले. सबसे ज्यादा कमाई इंग्लिश भाषा से हुई, जहां फिल्म ने 13.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं, हिंदी भाषा में 1.90 करोड़ रुपये, तमिल में 65 लाख रुपये और तेलुगु वर्जन ने 1.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है.
'द ओडिसी' ने तोड़ा 'ओपेनहाइमर' का रिकॉर्ड
'द ओडिसी' ने क्रिस्टोफर नोलन की 2023 में रिलीज हुई 'ओपेनहाइमर' के ओपनिंग डे कलेक्शन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। 'ओपेनहाइमर' ने भारत में पहले दिन 14.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि 'द ओडिसी' ने 17.40 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 20.76 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
'द ओडिसी' में नजर आए ये कलाकार
बता दें कि 'द ओडिसी' एक एक्शन-फैंटेसी फिल्म है, जो यूनानी कवि होमर के प्रसिद्ध महाकाव्य 'ओडिसी' पर आधारित है. फिल्म की कहानी ग्रीक राजा ओडिसियस के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लंबे युद्ध के बाद अपने घर लौटने के लिए कठिन और रोमांचक यात्रा पर निकलता है. फिल्म में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, ऐनी हैथवे, ज़ेंडाया, रॉबर्ट पैटिनसन, ल्युपिटा न्योंगो, इलियट पेज और चार्लीज़ थेरॉन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.