Ramayana Box Office Day 12: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था. फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और कमाई के मामले में इसने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए. हालांकि, अब फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ती दिखाई दे रही है. दूसरे हफ्ते में पहुंचते ही 'रामायण' को वीकडेज का असर झेलना पड़ रहा है. सोमवार को फिल्म की कमाई में भारी गिरावट दर्ज की गई. रविवार को शानदार कलेक्शन करने वाली फिल्म 12वें दिन आधे से भी कम कमाई कर पाई.

12वें दिन बॉक्स ऑफिस पर कितना कमाई?

Sacnilk की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' ने रिलीज के 12वें दिन यानी सोमवार को भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सभी भाषाओं में करीब 32 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. जबकि रविवार को फिल्म ने 75 करोड़ रुपये कमाए थे. इस तरह एक दिन में इसकी कमाई करीब 57.3 फीसदी तक गिर गई.

फिल्म ने कितनी की कमाई

भाषाओं के हिसाब से देखें तो फिल्म के हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 23.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया. वहीं, मलयालम में 2.85 करोड़, कन्नड़ में 2 करोड़, तमिल में 1.90 करोड़ और तेलुगु में 1.50 करोड़ रुपये की कमाई हुई.

12 दिनों में 1400 करोड़ के पार पहुंची कमाई

सोमवार की गिरावट के बावजूद 'रामायण' का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन शानदार बना हुआ है. फिल्म ने 12 दिनों में भारत में करीब 792.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. वहीं, इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 947.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

विदेशों में दिखा जबरदस्त क्रेज

विदेशों में भी फिल्म का जलवा देखने को मिल रहा है. 12वें दिन ओवरसीज मार्केट से करीब 10 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हुआ. इसके साथ ही फिल्म की विदेशों में कुल कमाई 490 करोड़ रुपये हो गई है. इस तरह दुनियाभर में 'रामायण' का कलेक्शन 1,437.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है.

क्या वीकेंड पर फिर चलेगा रामायण का जादू?

अब हर किसी की नजर आने वाले वीकेंड पर टिकी है. सोमवार को कमाई गिरने की एक वजह वीकडेज भी मानी जा रही है. आमतौर पर वीकेंड के मुकाबले सोमवार को सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या कम हो जाती है. ऐसे में शनिवार और रविवार को फिल्म की कमाई में दोबारा उछाल देखने को मिल सकता है.

2000 करोड़ के बजट में बनी है रामायण

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' कथित तौर पर 2000 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बजट में तैयार हुई है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकेयी के किरदार में नजर आ रहे हैं.

फिल्म के दूसरे पार्ट का दर्शकों को इंतजार

फिल्म का पहला पार्ट सीता हरण और भगवान राम के उन्हें वापस लाने के संकल्प के साथ खत्म होता है. वहीं, कहानी का अगला हिस्सा दिवाली 2028 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा. फिलहाल देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर 1500 करोड़ का आंकड़ा कब पार करती है.