Box Office Collection Day 2: कंगना रनौत स्टारर फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' सिनेमाघरों में 12 जून को रिलीज हुई है और इस मूवी के साथ दिलजीत दोसांझ स्टारर मूवी 'मैं वापस आऊंगा' ने भी दस्तक दी. दोनों ही फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. हालांकि पहले दिन दोनों ही मूवीज की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर धीमी रही है. लेकिन दूसरे दिन इनकी कमाई में बढ़ोतरी देखने को मिली है. सोशल मीडिया पर भी दोनों फिल्मों को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. तो आइए जानते हैं कि दूसरे दिन दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितना कारोबार किया है.
'भारत भाग्य विधाता' ने दो दिनों में किया इतना कलेक्शन
दरअसल, सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक कंगना रनौत की फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' ने अपनी रिलीज के पहले दिन सिर्फ 1 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. हालांकि फिल्म की कमाई में दूसरे दिन उछाल आया है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने शनिवार को 1.45 करोड़ रुपये का कारोबार किया. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 17 प्रतिशत रही. वहीं, दूसरे दिन फिल्म के कुल 1,956 शोज रहे. दो दिनों में फिल्म ने भारत में कुल 2.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन 2.93 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. मूवी की धीरे-धीरे बढ़ती कमाई को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह रविवार को भी अच्छा कारोबार कर सकती है.
'मैं वापस आऊंगा' ने दूसरे दिन किया इतना कलेक्शन
दूसरी ओर दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' को लेकर बात करें तो इसने अपने ओपनिंग डे पर ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था. फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं, सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने दूसरे दिन 1.85 करोड़ का कारोबार किया है. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 17 प्रतिशत रही है और दूसरे दिन फिल्म के 2,152 शोज रहे हैं. मूवी ने भारत में दो दिनों में 3 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन कर लिया है. जबकि इसका भारत में ग्रॉस कलेक्शन 3.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. आंकड़ों के मुताबिक कमाई के मामले में दिलजीत दोसांझ की फिल्म फिलहाल कंगना रनौत की मूवी से आगे चल रही है.
'मैं वापस आऊंगा' और 'भारत भाग्य विधाता' की क्या है कहानी?
'मैं वापस आऊंगा' का डायरेक्शन इम्तियाज अली ने किया है. फिल्म में दिलजीत दोसांझ के अलावा शरवरी वाघ, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. फिल्म की कहानी 1947 में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से पहले पनपी एक प्रेम कहानी पर आधारित है. इसके अलावा कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' की बात करें तो इसका डायरेक्शन मनोज तापड़िया ने किया है. फिल्म की कहानी मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमलों पर आधारित है.