Bharat Bhhagya Viddhaata Vs Main Vaapas Aaunga: 12 जून यानी बीते शुक्रवार को एक साथ कई बॉलीवुड फिल्में रिलीज हुईं. इनमें कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ और इम्तियाज अली के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है.
कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’, आतंकी हमले के दौरान एक अस्पताल की घटनाओं को दिखाती है. वहीं इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म है.
'भारत भाग्य विधाता' का कलेक्शन
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ ने तीसरे दिन ₹1.80 करोड़ की नेट कमाई की. इसके साथ ही, भारत में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई ₹5.09 करोड़ और कुल नेट कमाई ₹4.25 करोड़ हो गई है.
फिल्म की कहानी
कंगना रनौत की ये फिल्म साल 2008 के मुंबई हमलों के दौरान एक हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के साहस की कहानी कहती है. 26/11 हमले के दौरान कुछ आतंकवादियों ने मुंबई के एक हॉस्पिटल को अपना निशाना बनाना चाहा. ऐसे में अंदर मौजूद नर्सिंग स्टाफ ने अपनी सूझ बुझ 400 मरीजों की जान बचाई थी. ये फिल्म उन्हीं नर्सिंग स्टाफ की कहानी है. फिल्म में कंगना ने नर्स का रोल किया है, जो आतंकी हमले के दौरान कई गर्भवती महिलाओं की जान बचाती हैं. उनके अलावा इसमें गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, ईशा डे और जावेद जैसे कलाकार भी शामिल हैं.
'मैं वापस आऊंगा' का कलेक्शन
अब बात करें इम्तियाज अली की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' की तो ये भी 12 जून को रिलीज हुई थी. इस फिल्म ने तीसरे दिन यानी रविवार को ₹2.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹6.60 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹5.50 करोड़ हो गया है.
फिल्म के बारे में
फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' बंटवारे के दर्द को दिखाती है. इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, नसीरुद्दीन शाह, वेदांग रैना और शरवरी वाघ लीड रोल में हैं.