Jailer 2 Box Office Collection Day 3: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'जेलर 2' इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर गदर काट रही है. रजनीकांत की इस फिल्म ने आते ही बॉक्स ऑफिस पर अपना कब्जा जमा लिया है. आज इस फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए 3 दिन पूरे हो गए हैं. हालांकि, इस बीच 'नई नवेली' और 'रणबली' जैसी फिल्में भी थिएटर में रिलीज हुईं, लेकिन इसके बाद भी फिल्म 'जेलर 2' की कमाई की रफ्तार में हमें कभी कोई कमी नजर नहीं आई. तीसरे दिन भी फिल्म ने शानदार कलेक्शन किया और 300 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई. आइए जानते हैं कि फिल्म ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ रुपये की कमाई की है.

'जेलर 2' की जबरदस्त कमाई

Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' ने तीसरे दिन यानी शनिवार को 47.80 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो दूसरे दिन की कमाई के मुकाबले 28.8 प्रतिशत अधिक रही है. फिल्म ने अपने पहले शनिवार को तमिल में 34.60 करोड़ रुपये, तेलुगु में 8.50 करोड़ रुपये, हिंदी में 4.25 करोड़ रुपये और कन्नड़ में 45 लाख रुपये का कलेक्शन किया है. इसी के साथ फिल्म ने भारत में 3 दिनों के अंदर 144.60 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है. फिल्म का नेट कलेक्शन 150 करोड़ के क्लब में शामिल होने से बस एक कदम दूर है. वहीं, पहले दिन फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 170 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.

फिल्म की ऑक्यूपेंसी बढ़ी

तीसरे दिन फिल्म 'जेलर 2' की कमाई के साथ-साथ इसकी थिएटर ऑक्यूपेंसी भी बढ़ी. शनिवार को पूरे भारत में फिल्म के 14,604 शो चलाए गए, जिनकी कुल ऑक्यूपेंसी 53.9 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, तीसरे दिन सुबह के शो में 54.08 प्रतिशत, दोपहर के शो में 74.08 प्रतिशत, शाम के शो में 78.69 प्रतिशत और रात के शो में 90.08 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई. वहीं, शनिवार को इसका कुल फुटफॉल 3,121,280 दर्ज किया गया.

300 करोड़ के पार पहुंची फिल्म

नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'जेलर 2' ने वर्ल्डवाइड लेवल पर बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है. Sacnilk.com के मुताबिक, इस फिल्म ने 3 दिनों में दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 317 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. इसी के साथ इस फिल्म ने 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर लिया.