Box Office Report: इन दिनों हर कोई साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'टॉक्सिक' और इमरान हाशमी की फिल्म 'अवारापन' की ही बात कर रहा है. इस बीच भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी फिल्म धमाल मचा रही है, जिसका कभी कोई खास प्रमोशन नहीं हुआ. इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 10 लाख रुपये के कलेक्शन से अपनी ओपनिंग की थी और अब करोड़ों का कारोबार कर रही है. इसके अलावा, दर्शक भी फिल्म की खूब तारीफ कर रहे हैं. इन्हीं सब कारणों से आज यह फिल्म स्लीपर हिट बन गई है. हम जिस फिल्म की बात कर रहे हैं, वह कोई और नहीं बल्कि 'हनुमान अंश' है. चलिए आपको बताते हैं कि आखिर इस फिल्म ने अब तक कितनी कमाई की है.
10 लाख की मामूली ओपनिंग
फिल्म 'हनुमान अंश' में कोई बड़ा स्टार नहीं है और न ही इसका कोई बड़ा प्रमोशन किया गया. फिल्म 'हनुमान अंश' 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की शुरुआत काफी धीमी रही थी. Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म 'हनुमान अंश' ने पहले दिन 10 लाख रुपये की मामूली कमाई की थी. पहले दो हफ्तों तक फिल्म ने कुछ खास कमाई नहीं की. फिल्म ने पहले 2 हफ्तों में मात्र 1.48 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन किया. हालांकि, तीसरे हफ्ते में फिल्म की कमाई ने रफ्तार पकड़ ली.
करोड़ों तक पहुंचा कारोबार
फिल्म 'हनुमान अंश' ने 17वें दिन 2.20 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन किया. इसके बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों की ओर से फिल्म को पॉजिटिव रिव्यू मिले, जिसके बाद फिल्म की कमाई ने नई करवट ली. फिल्म ने 22वें दिन 6.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं, 23वें दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला, जब फिल्म ने 9.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म का अब तक का कुल नेट कलेक्शन 27.38 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, इसका ग्रॉस कलेक्शन 32.33 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है.