Drishyam 3 Box Office Collection Day 7: बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3' को सिनेमाघरों में रिलीज हुए एक हफ्ता हो गया है. इसके बावजूद बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का जलवा बरकरार है. हालांकि, सातवें दिन फिल्म की कमाई में मामूली गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बाद भी इसने अच्छी कमाई की. फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. इसकी सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फिल्म दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई है. चलिए जानते हैं कि 'दृश्यम 3' ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर कितने करोड़ रुपये का कारोबार किया है.
'दृश्यम 3' की 7वें दिन की कमाई
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम 3' ने सातवें दिन 13 करोड़ रुपये की कमाई की. छठे दिन की तुलना में फिल्म के कलेक्शन में 16.1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई. इसी के साथ फिल्म का भारतीय बॉक्स ऑफिस पर नेट कलेक्शन 245.50 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 294.60 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. एक हफ्ते बाद भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है.
गुरुवार को कितनी रही ऑक्यूपेंसी?
सातवें दिन फिल्म 'दृश्यम 3' की कमाई के साथ-साथ ऑक्यूपेंसी में भी गिरावट देखने को मिली. गुरुवार को पूरे भारत में फिल्म के कुल 15,758 शो चलाए गए, जिनकी औसत ऑक्यूपेंसी 17 प्रतिशत रही. रिपोर्ट के अनुसार, सातवें दिन सुबह के शो में 8.54 प्रतिशत, दोपहर के शो में 14.15 प्रतिशत, शाम के शो में 17.85 प्रतिशत और रात के शो में 25.31 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं, बुधवार को सिनेमाघरों में फिल्म का कुल फुटफॉल 7,21,016 रहा.
400 करोड़ रुपये के करीब पहुंची फिल्म
अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी फिल्म 'दृश्यम 3' दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. Sacnilk.com के मुताबिक, अजय देवगन की इस क्राइम थ्रिलर फिल्म ने अब तक दुनियाभर में 383.60 करोड़ रुपये का कारोबार किया है. इसी के साथ फिल्म 400 करोड़ रुपये के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है.