Worldwide Collection Report: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की एक्शन थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' को रिलीज हुए आज पूरे 43 दिन हो गए हैं. इसके बाद भी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हर दिन करोड़ों का कलेक्शन कर रही है. हालांकि, 'धुरंधर: द रिवेंज' की कमाई में 'धुरंधर' के मुकाबले काफी गिरावट देखने को मिल रही है. लेकिन इसके बाद भी फिल्म अपने कलेक्शन से कई हिट मूवीज का रिकॉर्ड तोड़ रही है. रणवीर सिंह की ये फिल्म भारत के साथ-साथ वर्ल्डवाइड काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है. 'धुरंधर: द रिवेंज' के साथ ही 'भूत बंगला' और 'माइकल' भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं. चलिए आपको उस फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसका वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड 'धुरंधर' अभी तक नहीं तोड़ पाई है.
भारत में हुई कितनी कमाई
Sacnilk.com की रिपोर्ट के अनुसार, रणवीर सिंह और आदित्य धर की सुपर सक्सेसफुल फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने 43वें दिन इंडियन बॉक्स ऑफिस पर मात्र 1.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही किया. इसी के साथ फिल्म ने भारत में अब तक कुल 1135.04 करोड़ रुपये का व्यापार कर लिया है. वहीं, 43वें दिन 13.1% कुल ऑक्यूपेंसी के साथ इस फिल्म ने हिंदी भाषा में 1.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं, कन्नड़ में 0.01 करोड़ रुपये, तमिल में 0.1 करोड़ रुपये और तेलुगु में 0.03 करोड़ रुपये की कमाई की है. बता दें कि, इस समय बॉक्स ऑफिस पर 128.05 करोड़ के कलेक्शन के साथ अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' और 26.05 करोड़ के कलेक्शन के साथ हॉलीवुड की बायोपिक फिल्म 'माइकल' भी कमाल कर रही है.
तीनों फिल्मों का वर्ल्डवाइड कलेक्शन
भारत के अलावा, फिल्में 'धुरंधर: द रिवेंज', 'भूत बंगला' और 'माइकल' वर्ल्डवाइड भी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं. Sacnilk.com के मुताबिक, रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1783.66 करोड़ तक पहुंच गया है. वहीं, अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' ने दुनियाभर में 204.28 करोड़ रुपये और हॉलीवुड की बायोपिक फिल्म 'माइकल' ने वर्ल्डवाइड 2450 करोड़ का कलेक्शन किया है.