Dhamaal 4 Box Office Collection Day 2: अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' सिनेमाघरों में 10 जुलाई को रिलीज हुई थी. फिल्म रिलीज के बाद से बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है और शानदार कमाई कर रही है. फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसका असर इसके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी साफ देखने को मिल रहा है. पहले दिन शानदार शुरुआत करने के बाद दूसरे दिन भी फिल्म ने ताबड़तोड़ कमाई की. आइए जानते हैं शनिवार के कलेक्शन के बारे में.
धमाल 4 ने दूसरे दिन किया इतना कलेक्शन
दरअसल, अजय देवगन, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी और अरशद वारसी स्टारर 'धमाल 4' ने दो दिनों में बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई कर ली है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने ओपनिंग डे पर 14 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था. वहीं, दूसरे दिन फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला. सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने शनिवार को 22.50 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया. मूवी ने ओपनिंग डे के मुकाबले दूसरे दिन करीब 8.50 करोड़ रुपये ज्यादा का कारोबार किया. इस दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 35 प्रतिशत रही और इसके 10,954 शो चले.
दुनिया भर में 50 करोड़ के पार पहुंची धमाल 4
इस तरह 'धमाल 4' ने दो दिनों में भारत में कुल 36.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 53.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
धमाल 4 ने तोड़ा अल्फा और वेलकम टू द जंगल का रिकॉर्ड
इतना ही नहीं, फिल्म ने अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है। 'वेलकम टू द जंगल' ने दूसरे दिन 20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था, जबकि 'धमाल 4' ने 22.50 करोड़ रुपये की कमाई की। वहीं, आलिया भट्ट की 'अल्फा' भी दूसरे दिन के कलेक्शन के मामले में पीछे रह गई, क्योंकि उसने अपनी रिलीज के दूसरे दिन केवल 11.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस तरह दूसरे दिन के कलेक्शन के मामले में 'धमाल 4' ने दोनों फिल्मों को पीछे छोड़ दिया.
फिल्म में नजर आए ये कलाकार
अगर 'धमाल 4' की बात करें, तो यह साल 2007 में शुरू हुई 'धमाल' फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त है. इस कॉमेडी-ड्रामा फिल्म का निर्देशन इंद्र कुमार ने किया है. फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी के अलावा अंजलि आनंद, संजीदा शेख, संजय मिश्रा, रवि किशन और ईशा गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं.
यह भी पढ़ें- Alpha Box Office Collection Day 8: ‘धमाल 4’ के आते ही बिगड़ी ‘अल्फा’ की हालत, शुक्रवार को किया बस इतना कलेक्शन