Box Office Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. साउथ के दिग्गज एक्टर अर्जुन सरजा की नई फिल्म ने सिनेमाघरों में आते ही ऐसा गदर मचाया है कि बड़ी-बड़ी फ़िल्में इसके सामने टिक नहीं पा रही हैं. बुधवार के कलेक्शन की जो रिपोर्ट आई है उसने सबको चौंका दिया है, क्योंकि पहले से जमी हुई दो बड़ी फिल्मों की कमाई अचानक धड़ाम से गिर गई है. आखिर कौन सी है वह फिल्म जिसने 100 करोड़ कमाने वाली फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है?
अर्जुन सरजा की 'ब्लास्ट' ने मचाया गदर
साउथ सुपरस्टार अर्जुन सरजा की फिल्म 'ब्लास्ट' 28 मई को रिलीज हुई थी. यह एक एक्शन फैमिली ड्रामा फिल्म है. जिसमें अभिरामी और प्रीति मुकुंदन भी मुख्य भूमिका में हैं. इस फिल्म ने पहले दिन 1.25 करोड़ के साथ धीमी शुरुआत की थी लेकिन इसके बाद फिल्म की कमाई लगातार बढ़ती गई. फिल्म ने अपने चौथे दिन सबसे ज्यादा 6 करोड़ का कलेक्शन किया था.
'ब्लास्ट' का कुल कलेक्शन
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने अपनी रिलीज के छठे दिन यानी मंगलवार को 3.45 करोड़ का बिजनेस किया. इसके बाद सातवें दिन बुधवार को फिल्म ने 2.75 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया है. इस तरह फिल्म ने भारत में अब तक कुल 23.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है और यह लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है.
'दृश्यम 3' की कमाई बुधवार को घटी
मोहनलाल की मशहूर मलयालम थ्रिलर फिल्म 'दृश्यम 3' को सिनेमाघरों में दो हफ्ते पूरे होने वाले हैं. रिलीज के 14वें दिन यानी दूसरे बुधवार को फिल्म की कमाई में गिरावट देखी गई है. इस फिल्म ने बुधवार को केवल 1.55 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पहले ही सुपरहिट हो चुकी है.
'दृश्यम 3' ने पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
भले ही बुधवार को दृश्यम 3 की कमाई कम रही हो, लेकिन इस फिल्म ने भारत में एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है. इस थ्रिलर फिल्म का भारत में अब तक का कुल नेट कलेक्शन 101.70 करोड़ रुपये हो गया है.
'करुप्पू' और 'चांद मेरा दिल' का हाल
सूर्या और तृषा स्टारर फिल्म करुप्पू ने अपने 20वें दिन 1.55 करोड़ का कलेक्शन किया जिससे इसका कुल नेट कलेक्शन 188.45 करोड़ हो गया है. वहीं दूसरी तरफ अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की बॉलीवुड रोमांटिक फिल्म चांद मेरा दिल की रफ्तार काफी धीमी है. इस फिल्म ने अपने 12वें दिन सिर्फ 90 लाख की कमाई की और इसका 13 दिनों का कुल कलेक्शन 27.20 करोड़ रुपये रहा.