Bandar Box Office Collection day 1: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है. साउथ सुपरस्टार राम चरण स्टारर फिल्म ‘पेद्दी’ सिनेमाघरों में 4 जून को रिलीज हुई थी. उसके बाद अगले दिन यानी कि 5 जून को बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ और वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज हुई. हालांकि राम चरण की ‘पेद्दी’ बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है और दूसरी ओर है जवानी तो इश्क होना है ने भी अच्छी शुरुआत की. हालांकि बंदर का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हाल रहा है. पहले दिन इस फिल्म की कमाई बेहद खराब रही है. तो चलिए एक नजर डालते हैं फिल्म के पहले दिन के कलेक्शन पर.

'बंदर' ने पहले दिन किया इतना कलेक्शन

दरअसल, बॉबी देओल की फिल्म बंदर का फैंस को बेसब्री से इंतजार था. अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी इस क्राइम थ्रिलर के ट्रेलर को देख कर लग रहा था कि यह दर्शकों को काफी पसंद आएगी. हालांकि यह फिल्म उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने अपने ओपनिंग डे पर सिर्फ 50 लाख का कलेक्शन किया है. फिल्म की ऑक्यूपेंसी इस दिन सिर्फ 10 प्रतिशत रही है और इसने भारत में ग्रॉस कलेक्शन सिर्फ 60 लाख रुपये किया है. बता दें कि रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म 25 करोड़ के बजट में बनी है. हालांकि जिस हिसाब से ओपनिंग डे पर इसकी कमाई देखने को मिली है, उससे ऐसा लगता है कि फिल्म अपना बजट भी नहीं निकाल पाएगी.

---विज्ञापन---

'पेद्दी' और 'है जवानी तो इश्क होना है' ने किया इतना कलेक्शन

वहीं, दूसरी ओर बंदर के साथ रिलीज हुई वरुण धवन स्टारर फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' ने ओपनिंग डे पर अच्छी शुरुआत की है. इस मूवी ने पहले दिन 7.50 करोड़ का कलेक्शन किया है. इसने दुनिया भर में 11 करोड़ की कमाई कर ली है. इसके अलावा राम चरण की मूवी ने ओपनिंग डे पर 69 करोड़ की कमाई की थी और दूसरे दिन 26.90 करोड़ का कलेक्शन किया है. भारत में फिल्म ने कुल कमाई 96.40 करोड़ की कर ली है. साथ ही इसने दुनिया भर में 150.49 करोड़ की कमाई कर ली है.

कैसी है 'बंदर' की कहानी

फिल्म बंदर की कहानी को लेकर बात करें तो यह एक टीवी सुपरस्टार समर मेहरा के इर्द गिर्द घूमती है, जो कि करियर की ढलान पर है और गुमनामी के दौर से गुजर रहा है. इस दौरान उसकी मुलाकात खुशी से होती है. लेकिन वापस से उसकी एक्स लवर गायत्री की एंट्री होती है और चीजें समर के लिए एक अलग मोड़ ले लेती हैं. इसके बाद समर गायत्री के बिछाए जाल में फंस जाता है. बता दें कि फिल्म में बॉबी देओल ने समर का रोल किया है. इसके अलावा मूवी में सान्या मल्होत्रा, सपना पब्बी, सबा आजाद जैसे कलाकार नजर आए हैं.

---विज्ञापन---

यह भी पढ़ें- Hai Jawani Toh Ishq Hona Hai Box Office Collection Day 1: ‘पेद्दी’ के तूफान के बीच भी कमा ले गई ‘वरुण धवन’ की फिल्म, जानें कितना रहा ओपनिंग डे कलेक्शन?

---विज्ञापन---